पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंआदेश कुमार गुप्त
खेल पत्रकार, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में संयुक्त रूप से आयोजित हो रहे विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट का बिगुल बजने में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं.
अगले रविवार को मौजूदा चैंपियन भारत का पहला मुक़ाबला चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से हैं. भारतीय क्रिकेट टीम पिछले दो महीने से ऑस्ट्रेलिया में एक भी मुक़ाबला जीतने में नाक़ाम रही हैं.
टीम इंडिया रविवार को मेज़बान ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ एडीलेड में अभ्यास मैच में उतरेगी.
पहले तो टेस्ट सिरीज़ और उसके बाद त्रिकोणीय एकदिवसीय सिरीज़ में भी हारने वाली भारतीय टीम की समस्याएं फ़िटनेस को लेकर अभी भी सुलझी नहीं हैं.
फ़िटनेसतेज़ गेंदबाज़ ईशांत शर्मा फ़िटनेस टेस्ट में नाकाम रहने के बाद विश्वकप से बाहर हो गए हैं. उनके स्थान पर मोहित शर्मा को टीम में जगह मिली है.
हालांकि एक अन्य तेज़ गेंदबाज़ भुवनेश्वर कुमार के साथ बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा फ़िटनेस टेस्ट पास करने में सफल रहे.
लेकिन अपनी मैच फ़िटनेस साबित करने के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया और अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में पसीना बहाना पड़ेगा.
ऐसे में टीम के हालात से निराश भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी कह ही दिया कि टीम की बल्लेबाज़ी में गहराई की कमी हैं.
इससे पहले सभी टीम की कमज़ोर गेंदबाज़ी की ही चर्चा कर रहे थे.
रोहित और भुवनेश्वर का फ़िट होना भारत के लिए शुभ समाचार हैं. इसका कारण यह हैं कि इन दोनों खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा दौरे को छोड़कर पिछले दो सालों में शानदार प्रदर्शन किया है.
विकल्पजाने माने क्रिकेट विश्लेषक अयाज़ मेमन कहते हैं कि जडेजा की फ़िटनेस टीम के लिए अहम है. जडेजा टीम के सबसे भरोसेमंद आलराउंडर हैं.
गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी के अलावा वह बेहतरीन फ़ील्डिंग भी करते हैं. इसके अलावा भारत को इतनी जल्दी इतने सारे विकल्प भी नहीं मिल सकते.
धोनी की टीम की बल्लेबाज़ी में गहराई की कमी वाले टिप्पणी को लेकर मेमन कहते हैं कि उन्होंने शायद यह एक सच बात कही हैं.
दरअसल गेंदबाज़ी की समस्या तो नई नहीं हैं लेकिन जिस तरह से बल्लेबाज़ भी नाक़ाम हो रहे हैं वो बड़ी समस्या हैं.
हो सकता हैं धोनी ने ड्रेसिंग रूम में भी खिलाड़ियों से साफ़-साफ़ बात की हो. उन्होंने केवल सुर्ख़ियों में आने के लिए ऐसा नहीं कहा हैं, क्योंकि अगर बल्लेबाज़ ही नहीं चले तो फिर भारत विश्व कप कैसे जीतेगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.