पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. कर्नाटक में येदियुरप्पा के बहुमत साबित करने पर सस्पेंस बना हुआ है। विधायकों की किडनैपिंग से लेकर खरीद-फरोख्त तक की खबरें आ रही हैं। इसी बीच, पूर्व बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने कर्नाटक सरकार में बहुमत को लेकर भविष्यवाणी कर दी है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि शनिवार 19 मई को कर्नाटक में बीजेपी बहुमत साबित कर पाएगी या नहीं।
यशवंत सिन्हा का ट्वीट
यशवंत सिन्हा ने ट्वीट में लिखा, "मैं भविष्यवाणी करता हूं कि शनिवार को कर्नाटक में बीजेपी गलत तरीके से ही सही बहुमत साबित कर लेगी। बस आप इंतजार करिए और देखते जाइए।"
- इससे पहले यशवंत सिन्हा ने ट्वीट किया था,"बीजेपी द्वारा कर्नाटक में असंवैधानिक तरीके से जो सरकार बनाई गई है, उसके खिलाफ मैं राष्ट्रपति भवन के सामने धरने पर बैठा हूं। आप सभी से अनुरोध है कि लोकतंत्र बचाने के लिए मेरे साथ आइए।"
बीजेपी को शनिवार को साबित करना है बहुमत
कर्नाटक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा कि बीजेपी को विधानसभा में शनिवार शाम 4 बजे बहुमत साबित करना होगा। कोर्ट ने ये भी कहा कि जब तक बहुमत साबित नहीं हो जाता, तब तक येदियुरप्पा सरकार कोई नीतिगत फैसला न ले। कर्नाटक विधानसभा में एंग्लो इंडियन मेंबर को मनोनीत किए जाने को भी कांग्रेस-जेडीएस ने कोर्ट में चुनौती दी थी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राज्यपाल फ्लोर टेस्ट होने तक एंग्लो इंडियन सदस्य को मनोनीत न करें।
- बता दें कि कर्नाटक चुनाव में बीजेपी को 104, कांग्रेस को 78 और जेडीएस को 38 सीटें मिलीं। बहुमत के लिए 112 का आंकड़ा जरूरी है। राज्यपाल ने भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया था। इसके खिलाफ कांग्रेस आधी रात को सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी। लेकिन कोर्ट ने शपथ पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था और सुनवाई शुक्रवार के दिन तक टाल दी थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.