पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंग्वालियर. अब महिलाओं के लिए तैयार होने वाले लेडीज पार्क में अलग से चिल्ड्रन पार्क भी बनेगा। महिलाएं पार्क में आकर सेल फोन से सेल्फी ले सकें, इसके लिए पुराने सूख चुके कुओं के पास सेल्फी पॉइंट तैयार किया जाएगा। सुबह और शाम के वक्त घूमने वाली महिलाओं को ट्रैक के आस-पास म्यूजिक भी सुनाई देगा। यह सारा काम स्मार्ट सिटी योजना के तहत किया जा रहा है। इधर, स्मार्ट सिटी की भोपाल में होने वाली ऑल इंडिया कॉन्फ्रेंस में ग्वालियर के लेडीज पार्क की थीम को शामिल किया गया है।
छत्री मंडी के पास बनने वाले पार्क के संबंध में स्मार्ट सिटी डवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड के सीईओ महीप तेजस्वी ने शनिवार को मौके पर कलेक्टर राहुल जैन, एसपी डाॅ.आशीष कुमार को लेडीज पार्क के बारे में जानकारी दी। यहां पर लेडीज पार्क के लिए थोड़ी जगह कम पड़ रही थी। मौके पर ही 2400 वर्गफीट की जमीन हाल में नगर निगम को मिली है। यह जमीन स्मार्ट सिटी को दी जाएगी, जिस पर चिल्ड्रन पार्क का निर्माण किया जाएगा। यह जमीन अच्युतानंद शारीरिक व्यायामशाला से लगी हुई है।
गपशप पॉइंट भी बनेगा
पार्क के अंदर एक गपशप पॉइंट के नाम से स्थान बनाया जाएगा। वहां पर बैठकर महिलाएं आपस में चर्चा व परिचर्चा कर सकेंगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए योगा सेंटर और खुली जिम भी तैयार की जाएगी।
सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
यहां पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। रात में उजाले के लिए सोलर लाइट्स लगाई जाएंगी। यहां के बाद टीम जनकगंज थाने पहुंची। इस थाने को हैरिटेज थाने के रूप में विकसित करने के लिए अफसरों ने चर्चा की है। अब आगे की प्लानिंग स्मार्ट सिटी को करना है।
लेडीज पार्क का काम सितंबर 2018 तक करना है पूरा
लेडीज पार्क का काम दिल्ली की फर्म मैसर्स कुलदीप कुमार कर रहे हैं। इसकी लागत 2 करोड़ 41 लाख 92 हजार 799 रुपए है। इसका काम 21 दिसंबर 2017 को शुरू हुआ था। यह काम सितंबर 2018 तक पूरा करना है। लेकिन मौके पर अभी काफी काम किया जाना बाकी है। यहां छतरियां, फाउंटेन, टॉयलेट, बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट, चबूतरे, फीचर वॉल आदि सौंदर्यीकरण के काम होने हैं। फिलहाल पाथवे बनाने का काम लगभग पूरा होने को है। लेकिन शेष कार्य धीमी गति से चल रहे हैं। लेकिन अफसरों का कहना है कि वे हर हाल में सितंबर 2018 तक लेडीज पार्क का काम पूरा करा लेंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.