झाझा में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
जमुई|झाझा-गिद्धौर रेलखंड के दादपुर के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के बाबूबगीचा गांव के विष्णुदेव महतो के पुत्र लक्ष्मण महतो के रूप में हुई। वह कमाने के लिए कोलकाता जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिली थी कि दादपुर रेलवे स्टेशन के रेलवे पोल संख्या 373/13-15 के बीच में एक 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा हुआ है। शव के पास से मिले कागजात के आधार पर मृतक की पहचान की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दी गई है। उनके आने के बाद शव को सौंप दिया जाएगा।