पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजहानाबाद. बिहार के जहानाबाद जिले में मंगलवार सुबह ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना जहानाबाद के सेवनन गांव की है। बताया जा रहा है कि युवक का नाम बंटी कुमार है और वह शकुराबाद का रहने वाला था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
घटना से आक्रोशित परिजनों का हंगामा
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पटना-गया रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित कर दिया। गुस्साए लोगों ने पटना गया नेशनल हाइवे पर भी जाम लगा दिया। परिजनों ने रेलवे प्रशासन से मुआवजा देने और घटना की हाइलेवल जांच कराने की मांग की है। परिचालन बाधित होने की सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश रंजन और जीआरपी थाना प्रभारी शकुंतला किश्कु मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की। परिजनों ने आरोप लगाया कि मोबाइल छीनने का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे ट्रेन से धकेल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जांच का आश्वासन देकर जाम खुलवाया है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
हंगामे के कारण कई ट्रेनें लेट
युवक की मौत के बार परिजनों और ग्रामीणों के हंगामे के कारण कई ट्रेनें लेट हो गई। लोगों के प्रदर्शन के कारण पटना से रांची जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब 3 घंटे लेट हो गई। इसके साथ ही पटना-गया अप डाउन कई पैसेंजर ट्रेन भी लेट हो गई और कई ट्रेनों का समय बदलना पड़ा। पटना-गया रूट पर सुबह सुबह कई लोग दफ्तर जाने के लिए ट्रेन पकड़ते हैं और इस हंगामे की वजह से सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग देर से दफ्तर पहुंचे। सेवनन के पास ग्रामीणों के नेशनल हाइवे जाम कर देने से गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सैकड़ों लोगों को इसके कारण भारी परेशानी हुई।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.