पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. पाकिस्तान से भारत लाई गई मूक-बधिर गीता के माता-पिता तो नहीं मिल पाए, लेकिन अब परिचय सम्मेलन में उसके लिए लड़का ढूंढा जा रहा है। विदेश मंत्रालय की अनुमति के बाद शनिवार को दिल्ली में हुए परिचय सम्मेलन में गीता का प्रोफाइल भी रखा गया। मंच से ही यह अनाउंस किया गया कि शादी का खर्च विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की ओर से किया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो रहने के लिए घर की व्यवस्था भी की जाएगी। हालांकि सम्मेलन में गीता को नहीं भेजा गया है, बल्कि उसकी फोटो और प्रोफाइल भेजी गई है। इच्छुक लड़कों के प्रोफाइल इंदौर बुलवाकर उसे दिखाए जाएंगे।
- संस्था की मोनिका पंजाबी ने बताया कि एक लड़का देखा था, लेकिन गीता को लड़का पसंद नहीं आया। उसने उससे शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने सुझाया कि परिचय सम्मेलन के जरिए गीता की शादी के लिए लड़का तलाश जाए। इसके बाद गीता की फोटो और प्रोफाइल दिल्ली भेजी गई है। गीता को शासकीय योजनाओं के तहत सभी प्रकार के लाभ भी दिए जाएंगे। गीता की प्रोफाइल में कद-काठी, रंग के साथ उसकी उम्र भी बताई गई है।
एक दर्जन से ज्यादा प्रस्ताव आए
- गीता से शादी करने के लिए एक ही दिन में दर्जनभर से ज्यादा मूक-बधिर युवकों के प्रस्ताव आ चुके हैं। कई युवाओं ने तो वीडियो कॉल कर शादी का प्रस्ताव रखा। गीता के लिए सोशल मीडिया के जरिए भी लड़के की तलाश की जा रही है। गीता की प्रोफाइल मैट्रिमोनियल साइट पर भी अपलोड की गई है।
देशभर से आए प्रस्ताव
- गीता से शादी करने के लिए देशभर से प्रस्ताव आ रहे हैं। इसमें मप्र, उप्र, राजस्थान, उत्तराखंड, उड़ीसा के युवाओं ने शादी की इच्छा जाहिर की है। गीता के लिए शादी का प्रस्ताव भेजने वालों की पहले पड़ताल की जाएगी, इसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा।
एक साल पहले पता चला था शादी करना चाहती है गीता
- मूक-बधिर संगठन प्रबंधन की ओर से करीब एक साल पहले विदेश मंत्रालय को चिट्ठी लिखी गई थी कि गीता शादी करना चाहती है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के सामने भी कहा था कि पढ़ाई में गीता का मन नहीं लगता है। इसलिए वह शादी करना चाहती है।
2015 में पाकिस्तान से भारत आई थी गीता
- 2015 में गीता को विदेश मंत्रालय की पहल पर भारत लाया गया था। इन दो सालों में जिला प्रशासन ने गीता के मां-बाप होने का दावा करने वाले कई लोगों का डीएनए टेस्ट करवाया है। अभी तक किसी से उसका डीएनए मैच नहीं हुआ है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.