- क्या वायरल : एक बुजुर्ग महिला की नवजात के साथ फोटो वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि 101 साल की उम्र में महिला मां बनी और 17वें बच्चे को जन्म दिया
- क्या सच : वायरल तस्वीर वास्तव में 101 साल की रोजा कैमफील्ड की है। फोटो में जो बच्ची उनकी गोद में नजर आ रही है, वो उनकी प्रपौत्री है
Dainik Bhaskar
Nov 29, 2019, 01:16 PM ISTफैक्ट चेक डेस्क. बीते कई दिनों से सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग महिला की नवजात शिशु के साथ फोटो वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि, यह 101 साल की महिला हैं, जिन्होंने अपने 17वें बच्चे को जन्म दिया है। सोशल मीडिया में अभी वायरल हो रहा ये मैसेज 2017 में मीडिया में भी सुर्खियों में आ गया था। तमाम मीडिया संस्थानों ने लिखा था कि 101 साल की उम्र में महिला मां बनी। एक पाठक ने हमें यह वायरल वीडियो पुष्टि के लिए भेजा। पड़ताल में पता चला कि तमाम मीडिया संस्थानों का दावा गलत है। जानिए इस वायरल दावे की सच्चाई।
क्या वायरल
- यूट्यूब से लेकर फेसबुक, वॉट्सऐप तक पर यह वीडियो काफी वायरल किया गया।

- यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में लिखा गया है कि 101 साल की महिला ने 17वें नवजात शिशु को जन्म दिया।
- तमाम मीडिया संस्थानों ने भी इसे प्रचारित-प्रसारित किया।

- वीडियो में ये भी बताया गया है कि, 16 बच्चों को जन्म देने के बाद महिला को कैंसर हो गया। इसके कारण वो कई सालों तक मां नहीं बन सकीं और अब 17वें बच्चे को जन्म दिया है।
क्या है सच्चाई
- वायरल इमेज को गूगल पर रिवर्स सर्च करने पर हमें ABC News में 31 मार्च 2015 को प्रकाशित एक आर्टिकल मिला। जिसका शीर्षक है 'मार्मिक तस्वीर से वायरल हुईं 101 साल की दादी की मौत'। इसमें वही फोटो लगाई गई है, जो सोशल मीडिया में वायरल की जा रही है।

- आर्टिकल में दी गई जानकारी के मुताबिक, वायरल फोटो में नजर आने वाली महिला का नाम रोजा कैमफील्ड है, जो अपनी प्रपौत्री केली को हाथों में लिए हुए हैं। कैमफील्ड का 2015 में देहांत हो गया था। वायरल पिक्चर उनकी पोती सारा हम्म ने ली थी। सारा ने abcnews.go.com को दिए इंटरव्यू में कहा है कि, जब मेरी बेटी दो हफ्ते की थी, तब मैंने उसका यह फोटो दादी के साथ क्लिक किया था। यह फोटो उस दिन लिया था, जब दादी की हॉस्पिटल से छुट्टी होने वाली थी। इसलिए हम उम्मीद कर रहे थे कि परदादी अपनी प्रपोत्री से मिलेंगी।
- पड़ताल से स्पष्ट होता है कि मीडिया का यह दावा झूठा है जिसमें दावा किया गया है कि 101 साल की उम्र में महिला ने बेटे को जन्म दिया।