कांग्रेस जीती तो खुशी में काटी गाय, फर्जी है दावा:कर्नाटक नहीं इस राज्य का निकला यह वायरल VIDEO

15 दिन पहले
  • कॉपी लिंक

कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद से ही सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों के साथ फोटो और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। ऐसा ही एक दावा है कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत की खुशी में एक गाय का सिर भाजपा के झंडे पर रखकर काट दिया गया है। तेजी से वायरल हो रहे इस दावे से जुड़ा वीडियो क्या सच में कर्नाटक का है ? और क्या कांग्रेस की जीत की खुशी में ऐसा किया गया ? आइए जानते हैं।

पहला दावा

विवेक कुमार नाम के एक फेसबुक यूजर ने 18 मई 2023 को इस दावे के साथ एक वीडियो शेयर किया कि कर्नाटक में जीत का जश्न गाय को बीजेपी के झंडे पर काटकर मनाया जा रहा है। (फेसबुक पोस्ट का लिंक)

विवेक कुमार की पोस्ट का स्क्रीन शॉट, तस्वीरें वीभत्स होने के चलते हमने इसे ब्लर किया है।
विवेक कुमार की पोस्ट का स्क्रीन शॉट, तस्वीरें वीभत्स होने के चलते हमने इसे ब्लर किया है।

दूसरा दावा

18 मई 2023 को ही एक अन्य फेसबुक यूजर दिवाकर दुबे ने भी यही वीडियो शेयर करते हुए लिखा- बची नहीं गायें अगर, ऐसा होगा हाल।तरसेंगे फिर दूध को,इस माटी के लाल। जीत के जश्न में गौ माता का वध अगर ईश्वर इस धरती पर है तो तुम्हे कभी माफ नही करेगा। (फेसबुक पोस्ट का लिंक)

दिवाकर दुबे की पोस्ट का स्क्रीन शॉट, तस्वीर वीभत्स होने के चलते हमने इसे ब्लर किया है।
दिवाकर दुबे की पोस्ट का स्क्रीन शॉट, तस्वीर वीभत्स होने के चलते हमने इसे ब्लर किया है।

तीसरा दावा

सिर्फ फेसबुक ही नहीं बल्कि ट्विटर पर भी गाय काटे जाने का यह वीडियो इसी दावे के साथ वायरल है कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत की खुशी में ऐसा हुआ। @Sarvesh38453373 नाम के एक ट्विटर यूजर ने 17 मई 2023 को किए ट्वीट में लिखा है -कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का जश्न गाय को भाजपा के झंडे पर काटकर मनाया गया। हालांकि, @Sarvesh38453373 अपने ट्वीट में यह भी लिखते हैं कि उन्हें नहीं मालूम की यह वीडियो नया है या पुराना। (आर्काइव लिंक)

@Sarvesh38453373 के ट्वीट का स्क्रीन शॉट।
@Sarvesh38453373 के ट्वीट का स्क्रीन शॉट।

क्या वीडियो का कर्नाटक चुनावों से कोई कनेक्शन है ?

फेसबुक और ट्विटर पर वायरल हो रहे इस वीडियो को रिवर्स इमेज और गूगल पर कुछ कीवर्ड्स लिखकर जांचने से पता चला कि मामला कर्नाटक का नहीं बल्कि मणिपुर का था। वो भी साल 2023 का नहीं बल्कि 2022 का। इस मामले की और पड़ताल करने पर हमें इंग्लिश न्यूज वेबसाइट द हिन्दू का एक आर्टिकल मिला जिसमें मणिपुर में हुई इस घटना का जिक्र था। यह आर्टिकल 01 फरवरी 2022 को पब्लिश हुआ था। (आर्काइव लिंक)

आर्टिकल में लिखा है -

पश्चिमी इंफाल जिले की लिलोंग पुलिस ने तीन लोगों को भाजपा के झंडे के ऊपर गाय काटने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बिरेन और राज्य भाजपा अध्यक्ष ए. शारदा के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान थौबल जिले के नजबुल हुसैन (38), अब्दुल राशिद (28) और अरीब खान (32) के रूप में हुई है।

द हिंदू मे में पब्लिश हुए आर्टिकल का स्क्रीन शॉट।
द हिंदू मे में पब्लिश हुए आर्टिकल का स्क्रीन शॉट।

हमें पड़ताल के दौरान मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बिरेन का एक ट्वीट भी मिला। 01 फरवरी 2022 को किए गए इस ट्वीट के साथ बिरेन ने इम्फाल फ्री प्रेस न्यूज वेबसाइट के एक आर्टिकल का स्क्रीन शॉट साझा किया था। इस आर्टिकल में गाय काटने की घटना का जिक्र था साथ ही बताया गया था कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। (आर्काइव लिंक)

पड़ताल से यह साफ है कि गाय काटे जाने की यह घटना साल 2022 में मणिपुर में घटी थी। वर्तमान में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनावों से इसका कोई लेना देना नहीं है। कर्नाटक विधानसभा चुनावों में हुई कांग्रेस की जीत के कांटेक्स्ट में गाय काटे जाने का यह दावा भ्रामक और गलत है।