हिजाब पहनी लड़की की तस्वीर पुलिसकर्मियों के साथ वायरल लेकिन यह आईएएस ऑफिसर नहीं हैं
- क्या वायरल : हिजाब पहनी एक लड़की की पुलिसकर्मियों के साथ तस्वीर वायरल हुई है। दावा है कि, इस लड़की ने आईएएस एग्जाम क्वालिफाई की है
- क्या सच : महाराष्ट्र के बुलढाणा में 14 वर्षीय छात्रा सहरीश कंवल को एक दिन के लिए डीएसपी बनाया गया था
फैक्ट चेक डेस्क. सोशल मीडिया पर हिजाब पहनी हुई एक लड़की की तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में लड़की कुर्सी पर बैठी हुई है। आसपास पुलिसकर्मी खड़े दिख रहे हैं। दावा है कि 24 साल की इस मुस्लिम लड़की ने आईएएस एग्जाम क्लियर की है। पड़ताल में वायरल दावा झूठा निकला।
क्या वायरल
- एक यूजर ने इस इमेज को शेयर करते हुए लिखा कि, 24 साल की भारतीय मुस्लिम लड़की महाराष्ट्र मुंबई में आईएएस क्वालिफाई करती है।
क्या है सच्चाई
- पड़ताल में पता चला कि जिस लड़की की फोटो पुलिसकर्मियों के साथ वायरल की गई है, उसने आईएएस एग्जाम क्लियर नहीं की बल्कि उसे एक दिन के लिए डीएसपी बनाया गया था।
- महाराष्ट्र के बुलढाणा में महिला दिवस पर पुलिस विभाग ने लड़कियों को मोटिवेट करने के लिए ऐसा किया था।
- रिवर्स सर्चिंग में हमें टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट मिल गई। रिपोर्ट के मुताबिक, मलकापुर के उर्दू हाईस्कूल की 14 वर्षीय छात्रा सहरीश कंवल को एक दिन के लिए डीएसपी बनाया गया था। यह कदम लड़कियों को मोटिवेट करने के साथ ही इसलिए भी उठाया था ताकि वो पुलिस की कार्यप्रणाली से वाकिफ हो सकें।