'आप' वाले संजय सिंह के नाम से सांसद-विधायक में मारपीट का पुराना वीडियो वायरल लेकिन लड़ने वाले भाजपा नेता हैं
- क्या वायरल : दो नेताओं के बीच हुई मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। दावा है कि, ये आम आदमी पार्टी के सांसद-विधायक हैं
- क्या सच : वीडियो में मारपीट करते दिख रहे सांसद-विधायक उत्तरप्रदेश बीजेपी के हैं, पिछले साल मार्च में दोनों नेताओं के बीच मारपीट हुई थी
फैक्ट चेक डेस्क. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दो नेता एक-दूसरे से मारपीट करते हुए दिख रहे हैं। एक नेता जूतों से दूसरे नेता की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। दावा है कि वायरल वीडियो आम आदमी पार्टी के सांसद और विधायक के बीच हुई लड़ाई का है। हमारी पड़ताल में पता चला कि वीडियो आम आदमी पार्टी के सांसद-विधायक का नहीं बल्कि बीजेपी के सांसद-विधायक के बीच हुई लड़ाई का है।
क्या वायरल
- एक यूजर ने इस क्लिप को शेयर करते हुए लिखा है कि, संजय सिंह ने विधायक को जूतों से मारा। फिर विधायक ने भी संजय सिंह को जूतों से मारा।
- दिल्ली की जनता ने इन बंदरों को चुन लिया है। इस बीच केजरीवाल दिल्ली को पाकिस्तान बनाने पर आमादा हैं।
- ट्विटर, फेसबुक पर भी इस वीडियो को काफी वायरल किया गया है।
क्या है सच्चाई
- सोशल मीडिया में किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो मार्च 2019 का है और आम आदमी पार्टी का नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद और विधायक के बीच हुए झगड़े का है।
- वीडियो को ध्यान से देखने पर हमें बैकग्राउंड में लगा बैनर नजर आया। जिसमें लिखा है 'जिला योजना समिति जनपथ- संत कबीर नगर'। पोस्टर में पीएम नरेंद्र मोदी की फोटो भी लगी हुई है।
- कीवर्ड्स सर्चिंग में हमे इस घटना का मूल वीडियो मिल गया, जिसे हिंदुस्तान टाइम्स ने लगाया था।
- इसमें दी गई जानकारी के मुताबिक, यूपी के बीजेपी सांसद शरद त्रिपाठी और विधायक राकेश बघेल के बीच जिला योजना समिति के दौरान मारपीट हो गई थी। जुबानी झगड़ा देखते ही देखते मारपीट तक बढ़ गया था। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने दोनों को अलग किया था।