सोशल मीडिया पर दावा, कपूर से कोरोनावायरस होगा खत्म, एक्सपर्ट ने कहा, ऐसे फर्जी मैसेज के चक्कर में न पड़ें
- क्या वायरल : एक पोस्ट वायरल हो रही है। दावा है कि, होलिका के साथ कपूर जलाने पर कोरोनावायरस हवा में ही खत्म हो जाएगा
- क्या सच : ऐसी कोई शोध या प्रमाण नहीं है, जो यह बताता हो कि कपूर से कोरोनावायरस खत्म होता है
फैक्ट चेक डेस्क. पिछले साल देश में जब स्वाइन फ्लू फैला था, तब भी दावा किया गया था कि होलिका दहन में ज्यादा से ज्यादा कपूर जलाएं। दावा था कि इससे स्वाइन फ्लू का वायरस खत्म होगा। अब दुनिया में कोरोनावायरस फैला है। इस बार भी सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि होलिका दहन में ज्यादा से ज्यादा कपूर जलाएं। इससे कोरोनावायरस हवा में ही खत्म हो जाएगा। एक पाठक ने हमें यह वायरल पोस्ट सत्यता की जांच के लिए भेजी। पड़ताल में सोशल मीडिया का दावा झूठा साबित हुआ।
क्या वायरल
- सोशल मीडिया में वायरल मैसेज में लिखा है कि, 'इस बार होली दर्शन एवं होली जलाने जाएं उस समय अपने साथ श्रीफल एवं अन्य वस्तुओं के साथ कपूर कि चार-पांच बट्टी एवं दो-तीन सौ ग्राम गुड़ भी साथ ले जाएं, इन सभी को जलती हुई होली में अर्पण कर दें। ऐसा हम सभी देशवासी करेंगे तो 70 प्रतिशत कोरोना वायरस ऊपर वायुमंडल में ही खत्म हो जाएंगे और हम भारतवासी इस जानलेवा बिमारी से सुरक्षित हो जाएंगे।'
क्या है सच्चाई
- कपूर को लेकर फैलाई जा रही इस जानकारी की पुष्टि के लिए हमने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (जयपुर) के डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट रामकिशोर जोशी से बात की। उन्होंने बताया कि ऐसा कोई शोध या प्रमाण नहीं है, जो यह कहता हो कि कपूर जलाने से कोरोनावारयस खत्म होता है। उन्होंने कहा कि, कपूर पुराने समय से हवन में जलाया जाता था क्योंकि इससे वातावरण की शुद्धि होती है। इसमें सुगंधित द्रव्य होता है लेकिन इससे कोरोनावायरस के खत्म का दावा गलत है।
- श्वांस रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पीएन अग्रवाल ने बताया कि, भारत की हवाओं में कोरोनावायरस है ही नहीं, इसलिए लोगों को बेवजह घबराना नहीं चाहिए। यहां तो वे लोग शिकार हुए हैं, जो बाहर से आए हैं या बाहर के लोगों के संपर्क में आए हैं। डॉ अग्रवाल ने कहा कि, पुराने समय में हवन होता था उसमें कपूर के साथ ही कई चीजें डाली जाती थीं, जो वातावरण की शुद्धि के लिए होती थीं। इससे कीटाणु मरते हैं, लेकिन कोरोनावायरस खत्म होने जैसी कोई शोध सामने नहीं आया। अभी कोरोनावायरस के मरीजों का सामान्य लक्षणों के आधार पर ही इलाज किया जा रहा है और मरीज ठीक हो रहे हैं। इसलिए किसी को बेवजह घबराने की जरूरत नहीं है।
कोरोनावायरस से कैसे बचें