तुर्किये के नाम से 4 VIDEO वायरल:भूकंप के कारण आई सुनामी, तो कहीं गिरी 12 मंजिला इमारत; जानिए इनकी सच्चाई
क्या हो रहा है वायरल : मिडिल ईस्ट के चार देशों तुर्किये (पुराना नाम तुर्की), सीरिया, लेबनान और इजराइल में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का भूकंप आया। तुर्किये और सिरिया में अब तक 3700 से ज्यादा लोगों की जान चली गई है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर इस भूकंप के नाम से कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसके पहले वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बिल्डिंग चंद सेकेंड में जमींदोज हो गई। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो तुर्किये का है। जहां 7.8 तीव्रता के भूकंप से एक बिल्डिंग गिर गई।
फेक न्यूज के खिलाफ हमारे साथ जुड़ें। वायरल वीडियो, फोटो या मैसेज का सच जानने के लिए वॉट्सऐप करें - 7879152202
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का स्क्रीनशॉट।
और सच क्या है?
- वायरल वीडियो का सच जानने के लिए हमने इसके की-फ्रेम को गूगल पर रिवर्स सर्च किया। सर्च रिजल्ट में हमें ये वीडियो खबर के साथ nbcmiami.com नाम की वेबसाइट पर मिला।
वेबसाइट पर पब्लिश हुई खबर का स्क्रीनशॉट।
- वेबसाइट के मुताबिक, 24 जून 2021 का ये वीडियो अमेरिका के फ्लोरिडा का है। जहां 12 मंजिला इमारत चंद सेकेंड में ढह गई थी।
- इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और रेस्क्यू कर 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। वहीं, ये खबर भी वेबसाइट पर 24 जून 2021 को पब्लिश हुई थी।
- साफ है कि सोशल मीडिया पर तुर्किये में आए भूकंप के नाम से वायरल हो रहा पहला वीडियो 2 साल पुराना अमेरिका के फ्लोरिडा का है।
क्या हो रहा है वायरल : ऐसा ही एक और वीडियो तुर्किये में आए भूकंप के नाम से वायरल हो रहा है। इसमें भी एक बिल्डिंग को जमींदोज होते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो भी तुर्किये में आए भूकंप का है।
वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।
और सच क्या है?
- पड़ताल के अगले चरण में हमने वायरल हो रहे दूसरे वीडियो को गूगल पर रिवर्स सर्च किया। सर्च रिजल्ट में हमें ये वीडियो खबर के साथ द गार्डियन न्यूज के यूट्यूब चैनल पर मिला।
चैनल पर मौजूद वीडियो का स्क्रीनशॉट।
- चैनल के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2020 का ये वीडियो तुर्किये के इजमीर प्रांत के बेराक्ली का है। जहां 6.8 तीव्रता से आए भूंकप में एक बिल्डिंग ढह गई।
- इसका लाइव वीडियो वहां मौजूद एक शख्स ने रिकॉर्ड किया था। वहीं, ये वीडियो भी द गार्डियन न्यूज के यूट्यूब चैनल पर 30 अक्टूबर 2020 को अपलोड हुआ था।
- साफ है कि दूसरा वीडियो 30 अक्टूबर 2020 को तुर्किये के इजमीर प्रांत में आए भूकंप का है।
क्या हो रहा है वायरल : तुर्किये में आए भूकंप के नाम से तीसरा वीडियो। इसमें देखा जा सकता है कि बीच पर समंदर से विशाल लहरें उठ रही हैं। इस दौरान लहरों से बचकर लोगों को भागते हुए भी देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो भी तुर्किये का है। जहां 7.8 तीव्रता से आए भूकंप के कारण सुनामी की स्थिति पैदा हो गई है।
वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।
और सच क्या है?
- सच जानने के लिए हमने इसके की-फ्रेम को गूगल पर रिवर्स सर्च किया। सर्च रिजल्ट में हमें ये वीडियो जानकारी के साथ एक्सप्रेस शो नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला।
एक्सप्रेस शो नाम के यूट्यूब चैनल पर मौजूद वीडियो का स्क्रीनशॉट।
- चैनल के मुताबिक, 12 मार्च 2017 का ये वीडियो साउथ अफ्रीका के डरबन बीच का है। जब समंदर से उठ रही विशाल लहरों के कारण डरबन बीच सैलानियों के लिए बंद कर दिया गया था।
- ये वीडियो एक्सप्रेस शो नाम के यूट्यूब चैनल पर 14 मार्च 2017 को अपलोड हुआ था। इससे साफ होता है कि ये वीडियो तुर्किये का नहीं बल्कि 5 साल पुराना साउथ अफ्रिका के डरबन बीच का है।
क्या हो रहा है वायरल : इस आपदा के नाम से चौथा वीडियो भी शेयर किया जा रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक गिर जाता है। हरीश देशमुख नाम के यूजर ने वीडियो शेयर कर लिखा- तुर्किये में भूकंप के झटके में विशाल इमारत गिरी।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो का स्क्रीनशॉट।
और सच क्या है?
- इस वीडियो का सच जानने के लिए हमने इसके की-फ्रेम को गूगल पर रिवर्स सर्च किया। सर्च रिजल्ट में हमें ये वीडियो वलिएंट जापानीज लैंग्वेज स्कूल नाम के फेसबुक पेज पर जानकारी के साथ मिला।
वलिएंट जापानीज लैंग्वेज स्कूल नाम के फेसबुक पेज पर मिले वीडियो का स्क्रीनशॉट।
- फेसबुक पेज के मुताबिक, 17 अप्रैल 2016 का ये वीडियो जापान का है। जहां तेज हवा के कारण बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इस घटना के बाद लोगों को महफूज बचा लिया गया और इसमें किसी की भी जान नहीं गई थी।
- साफ है कि ये वीडियो तुर्किये का नहीं बल्कि 17 अप्रैल 2016 का ये वीडियो जापान का है।
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का असर?: ऑस्ट्रेलिया में अडाणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन; जानिए इस वायरल PHOTO का सच
क्या हो रहा है वायरल : अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर गुरुवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ। अडाणी ग्रुप के वित्तीय लेनदेन को लेकर विपक्ष संसदीय पैनल (JPC) या सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से जांच कराने की मांग कर रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि कुछ लोग हाथ में स्टॉप अडाणी का बोर्ड लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि हाल ही का ये फोटो आस्ट्रेलिया का है। जहां हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद लोग गौतम अडाणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हैदराबाद कांग्रेस सेवा दल ने फोटो शेयर कर लिखा- ऑस्ट्रेलिया में अडाणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन। यह जंगल की आग की तरह फैल रहा है। सच जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर...