पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ट्रम्प ने यूएस को औरतों के लिए जहरीला बनाया

एक वर्ष पहलेलेखक: कावेरी बामजई
  • कॉपी लिंक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प। - Dainik Bhaskar
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प।
  • व्हाइट हाउस में सेक्सिज्म कोई नई बात नहीं है, बिल क्लिंटन और जॉन एफ केनेडी को याद कीजिए

हर लिहाज से 77 वर्षीय जो बिडेन 73 वर्षीय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सामने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार होंगे। यह एक बात तो साबित करता है कि डेमोक्रेट्स के पास जितने भी लोग थे, फिर चाहे कैलिफोर्निया की सीनेटर कमला हैरिस हों, मैसाचुसेट्स सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन, मिनेसोटा सीनेटर एमी क्लोबचर, न्यूयॉर्क सीनेटर क्रिस्टेन गिलिब्रैंड और लेखक मरीयाने विलियमसन जैसी स्मार्ट महिलाएं, लेकिन चुने गए बीडन ही। डेमोक्रेट्स को महिलाओं के साथ बदसलूकी के लिए मशहूर ट्रम्प के खिलाफ अपनी इस जंग में पूर्व उप राष्ट्रपति जो बिडेन से बेहतर कोई नहीं मिला।  और तो और यह तब जब पूर्व हॉलीवुड सेलिब्रिटी हार्वे विन्सटीन को कुछ वक्त पहले ही यौन शोषण के लिए 23 साल की जेल हुई है। इसी के साथ यह पहला मौका है जब कांग्रेस में पहली बार इतनी संख्या में महिलाएं हैं। ट्रम्प के रहते चार साल होने को आए हैं जब सार्वजनिक तौर पर महिलाओं के साथ गुंडई को बतौर खेल स्वीकार लिया गया है। और जिसके लिए खुद राष्ट्रपति ट्रम्प ने स्वीकृति दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के ट्विटर अकाउंट पर नजर दौड़ाएं तो महसूस होता है कि वह महिलाओं के बारे में कुछ अच्छा नहीं कहते-सोचते, जब तक कि बात उनकी बेटी इवांका की न हो। कई बार तो बेटी को लेकर उनके सेक्सुअल कमेंट्स भी बेहद परेशान करने वाले रहे हैं। वह हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव की स्पीकर नैन्सी पेलोसी को नापसंद करते हैं और उन्हें वह ‘डू नथिंग डेमोक्रेट्स’ के साथ जोड़ चुके हैं। वह सार्वजनिक तौर पर यह कह चुके हैं कि फॉक्स न्यूज की स्टार एंकर मेगिन कैली उनका इंटरव्यू लेते वक्त पीरियड्स में थीं। 2016 में डेमोक्रेट उम्मीदवार और प्रतिद्वंदी हिलेरी क्लिंटन को वह क्रूक्ड हिलेरी यानी कुटिल हिलेरी कहते हैं जो उनके फॉलोवर्स के बीच खासा मशहूर है। और जब उनके पूर्व सहयोगी रॉब पोर्टर पर दुर्व्यवहार के आरोप लगे तो ट्रम्प ने ट्वीट किया - ‘लोगों की जिंदगियां महज एक आरोप लगने से बिखर और नष्ट हो जाती हैं। कुछ सच होते हैं कुुछ झूठे। कुछ पुराने और कुछ नए होते हैं। झूठे आरोप की कोई वसूली नहीं होती, जिंदगी और करिअर चले गए। क्या मौजूदा नियम कायदों से जुड़ी कोई प्रक्रिया बाकी ही नहीं है?’ यह सब ट्रम्प ने तब लिखा, कहा और पोस्ट किया जब वह खुद को महिलाओं का सम्मान करनेवाला दिखा रहे थे। यहां तक कि एक नई किताब ऑल द प्रेसिडेंट्स वुमन: डोनल्ड ट्रम्प और द मेेकिंग ऑफ ए प्रिडेटर में उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के 43 नए आरोपों से जुड़ी जानकारियां हैं।    महिलाओं को लेकर ट्रम्प की टिप्पणी फिर चाहे वह उन्हें कामचोर से लेकर घृणित जानवर कहने के बारे में हो, इसने सार्वजनिक तर्कों को इस हद तक नीचे गिरा दिया है कि अब जो बिडेन जैसे लोगों का सेक्सिज्म भी स्वीकार्य और औसत दर्जे का लगता है। इसकी कोई और वजह हो ही नहीं सकती कि कैसे बिडेन महिलाओं के पसंदीदा उम्मीदवार के बतौर सामने आए हैं। बावजूद इसके कि उन्होंने एक ऐसी हैल्थ केयर पॉलिसी का समर्थन किया है जो सैकड़ों अमेरिकी महिलाओं को इंश्योरेंस के फायदे से विमुख कर देगी, जिसमें सिर्फ 12 हफ्तों की पेड फैमिली लीव का प्रावधान है और चाइल्ड केयर जैसा कुछ भी शामिल नहीं है। यही नहीं, वायलेंस अगेन्स्ट वुमन एक्ट जैसे कानून का भी उन्होंने समर्थन किया है, जिसे लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि उससे अमेरिका की कमजोर महिलाओं की सुरक्षा के बजाए अपराधीकरण को बढ़ावा मिलेगा। पॉलिटिको मैग्जीन के मुताबिक प्रेसीडेंट ट्रम्प न सिर्फ महिलाओं के खिलाफ बोलते हैं बल्कि उनका प्रबंधन महिलाओं के हक को मिटाने के लिए जोर-शोर से काम कर रहा है। डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन ने यौन उत्पीड़न के आरोपी छात्रों को ज्यादा सुरक्षा मुहैया कराने के उपाय अपनी नीतियों में शामिल किए हैं। जेंडर पे गैप को खत्म करने के लिए बनाए नियम को सस्पेंड कर उन्होंने वर्किंग वुमन और उनके परिवारों पर निशाना साधा है। उन्होंने 1973 के रो वर्सेस वेड के भविष्य को धमकी दी हैै जिसने महिलाओं को एबॉर्शन का अधिकार दिया है। ट्रम्प ने ब्रेट कावानाह को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाने  नॉमिनेट किया जिनके खिलाफ यौन शोषण के आरोप थे।  व्हाइट हाउस में सेक्सिज्म कोई नई बात नहीं है। राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के अपनी इंटर्न मोनिका लेविंस्की के साथ अफेयर ने युवा महिला की जिंदगी बर्बाद कर दी। और आज भी क्लिंटन अपनी सफाई देते हुए बस यही कह पाए कि उन्होंने काम का तनाव कम करने के लिए यह संबंध बनाए थे। उनसे पहले भी, राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी का व्याभिचार प्रसिद्ध था, जिसे उनकी पत्नी ने स्वीकार किया था और जिस पर पत्रकारों ने भी आंखें बंद कर ली थीं। जो उस वक्त व्याभिचार माना जाता था अब स्त्रीद्वेष और सेक्सिज्म कहलाता है। ट्रम्प ने जहरीले मर्दवाद को अपनी बातों और बयानों का हिस्सा बनाया है। बावजूद इसके कि सक्षम और प्रतिभाशाली महिलाओं ने उन्हें कई बार शर्मिंदा होने से बचाया है। फिर चाहे वह केलियान कोन्वे हों या सराह हकाबी सैंडर्स। आखिर क्या है जो ट्रम्प को महिला विरोधी बनाता है और कैसे इस बात ने अमेरिका को महिलाओं के लिए जहरीला बनाया है?    सच यही है कि महिलाएं कितनी ही तरक्की कर लें लेकिन विन्स्टीन जैसे कुछ दुष्कर्मियों की सोच बदलना मुश्किल है। पिछले दिनों जब उसे सजा सुनाई जा रही थी तो वह बोला, मीटू के मामलों में लड़ाई लड़ने वाले मर्दों पर उन्हें तरस आता है। कई सारे पुरुष इस नई दुनिया में दबाव महसूस करते हैं जब उन्हें महिलाओं के साथ संबंधों की शर्तों पर दोबारा बातचीत करनी पड़ती है। सशक्त महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर गाली देने वाले राष्ट्रपति ट्रंप और औरतों-बेटियों को बुरी नीयत से छूने वाले बिडेन जैसे लोग उन्हें आकर्षित करते हैं। आखिर किसी भी युवा आदमी के लिए जो पावरफुल रोल मॉडल ढूंढ रहा होता है, राष्ट्रपति ट्रम्प के व्यवहार को आदर्श समझने की गलती कर सकता है। (ये लेखिका के अपने विचार हैं।)

खबरें और भी हैं...