- Hindi News
- Opinion
- Shriprakash Shridharan Column | Perception Vs Reality In AI Era
श्रीप्रकाश श्रीधरन का कॉलम:हम जो कुछ देखते हैं, वो महज एक नजरिया है, सच्चाई नहीं
- कॉपी लिंक

एक ऐसे दौर में- जब सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हमारी सोच और फैसलों को लगातार प्रभावित कर रहे हैं- भरोसेमंद जानकारी और भ्रामक चीजों के बीच फर्क कर पाने की क्षमता बेहद जरूरी हो गई है। पहले से ज्यादा। वास्तव में, पहले से कहीं ज्यादा!
मैं हाल ही में एक रेस्तरां गया। मैंने गूगल पर उसका 4.9 का रेटिंग स्कोर देखा था, जो हजारों रिव्यूज़ पर आधारित था। इस पर मेरे बेटे ने कमेंट किया कि या तो वह रेस्तरां सच में ही बहुत अच्छा होगा या फिर उसकी रेटिंग्स खरीदी गई होंगी! उसकी बात में दम था।
बहरहाल, हमने वहां जाने का फैसला किया, लेकिन हमारा अनुभव बता रहा था कि उसे 3 के आसपास की रेटिंग मिलनी चाहिए थी। इससे यह तो साबित नहीं हुआ कि वहां के रिव्यूज़ सच में ही फर्जी थे या नहीं, लेकिन इतना जरूर साफ हुआ कि ऑनलाइन रेटिंग्स के भरोसे रहना हमारे नजरिये को कितना सीमित कर सकता है।
इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता हमें डिजिटल दुनिया में जितनी अधिक खींच रही है, उतनी ही हमारे नजरियों और विकल्पों को प्रभावित करने में इन्फ्लुएंसर्स, ऑनलाइन रिव्यूज़, रील्स की भूमिका भी बढ़ रही है।
मार्कस ऑरेलियस ने दूसरी सदी में कहा था कि ‘हम जो कुछ सुनते हैं, वह महज एक राय होती है, तथ्य नहीं। और हम जो कुछ देखते हैं, वह महज एक नजरिया होता है, सच्चाई नहीं!’ उनकी यह बात हमें अपने सामने आने वाली हर बात पर सवाल उठाने की उपयोगी सीख देती है। सदियों पहले कही गई यह बात हर पीढ़ी पर लागू होती है और आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।
हर युग अपने साथ बदलाव लेकर आता है और हममें से प्रत्येक को वहम और हकीकत के बीच अंतर करना सीखना पड़ता है। प्रो. करीम लखानी की यह टिप्पणी कि ‘एआई इंसानों की जगह तो नहीं ले सकेगा, लेकिन एआई का इस्तेमाल करने वाले इंसान उन लोगों की जगह जरूर ले लेंगे, जो उसका इस्तेमाल नहीं करते’- नई टेक्नोलॉजी के अनुरूप खुद को ढालने के महत्व को रेखांकित करती है। ऐसे में, आज चुनौती केवल एआई को अपनाने की नहीं, बल्कि सूचनाओं की बाढ़ से भरी दुनिया में सूझबूझ के साथ उसका इस्तेमाल करने की भी है।
एक बीएएनआई- यानी नाजुक (ब्रिटल), चिंताग्रस्त (एंक्शस), टेढ़ी-मेढ़ी (नॉन-लीनियर) और अबूझ (इनकॉम्प्रेहेंसिबल) होती जा रही दुनिया में मूल्यों पर आधारित लीडरशिप अब पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
आज एडवांस्ड लीडरशिप प्रोग्राम्स आपको उपयोगी अंतर्दृष्टि जरूर दे सकते हैं, लेकिन वे ईमानदारी, जवाबदेही, सहानुभूति और विवेकपूर्ण निर्णय जैसे स्थायी सिद्धांतों का स्थान नहीं ले सकते। टेक्नोलॉजी चाहे जितनी तेजी से विकसित हो, ये बुनियादी मूल्य हमेशा आवश्यक बने रहेंगे।
उस रेस्तरां का मेरा अनुभव बिजनेस का एक बुनियादी सबक भी देता है। इन्फ्लुएंसर्स और अच्छी रेटिंग्स शुरुआत में तो ग्राहकों को आकर्षित कर सकती हैं, लेकिन लंबे समय तक भरोसा बनाए रखने के लिए दिए जाने वाले अनुभव की गुणवत्ता ही निर्णायक होती है। मजबूत बुनियाद के बिना केवल विजिबिलिटी ही आपकी पेशकश को टिकाऊ नहीं बना सकती।
यही कारण है कि तेजी से मिलने वाली पहचान के साथ निरंतर गुणवत्ता, भरोसेमंद वादे और ग्राहकों को वास्तविक मूल्य देना भी जरूरी है। हेनरी फोर्ड की असेंबली लाइन और आईबीएम के मेनफ्रेम से लेकर वर्ल्ड वाइड वेब और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक- तकनीकी प्रगति हमेशा अपने साथ अवसर और चुनौतियां दोनों ही लेकर आई है। हमारी जिम्मेदारी न तो हर नए डेवलपमेंट को बिना सोचे-समझे अपना लेने की है और न ही बदलाव का पूरी तरह विरोध करने की।
हमारा दायित्व है कि स्पष्ट मूल्यों और क्रिटिकल थिंकिंग को मार्गदर्शक बनाकर तमाम नई चीजों के बीच सोच-समझकर आगे बढ़ें और उनका इस्तेमाल सार्थक तथा दीर्घकालिक मूल्यों को रचने के लिए करें।
इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता हमें डिजिटल दुनिया में जितनी अधिक खींच रही है, उतनी ही हमारे नजरियों और विकल्पों को प्रभावित करने में इन्फ्लुएंसर्स, ऑनलाइन रिव्यूज़, रील्स की भूमिका भी बढ़ रही है। (ये लेखक के अपने विचार हैं)
बोरिया मजुमदार का कॉलम: स्पोर्ट्स हो या जीवन, बेहतर फैसले हर जगह जरूरी होते हैं

पं. विजयशंकर मेहता का कॉलम: संसार के सुख-दु:ख को सहने के लिए भीतर की यात्रा करें

एन. रघुरामन का कॉलम: ब्रैंड-लॉयल्टी एक से दूसरी पीढ़ी तक अपने आप नहीं पहुंचती

ब्रह्मा चेलानी का कॉलम: दुनिया में दबदबे की होड़ अब टेक्नोलॉजी में वर्चस्व पर टिकी























