पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
गुरदासपुर. गुरदासपुर में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि 47 लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब जम्मू से एक टूरिस्ट बस अमृतसर जा रही थी। आगे बजरी से भरे एक ट्रक के पलटे होने की वजह से रास्ता बंद था। तेज रफ्तार में चल रही बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को भी सूचना दी और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। हादसा इतना बड़ा था कि बस में सवार कई लोगों के हाथ- पैर कट गए हैं।
घटना सुबह करीब साढ़े 8 बजे गुरदासपुर जिले के कस्बा धारीवाल के पास की है। बस में सवार ज्यादातर लोग जम्मू के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, जमुना ट्रैवल की एक टूरिस्ट बस जम्मू से अमृतसर की तरफ जा रही थी। यहां बुर्ज साहिब पुल पार किया तो बजरी से भरे ट्रक के पलटने के बाद रास्ता बंद था। पता नहीं चलने के बाद अचानक बस पहले रोड के दूसरी तरफ पहुंची। काबू करने की कोशिश में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बस को नीचे गिरते हुए देखा तो भागकर पहुंचे। लोगों ने तुरंत पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव का कार्य शुरू किया।
लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पतालों में पहुंचाया। हादसे के दौरान मौके मौजूद लोगों ने बताया कि, इस दौरान एक यात्री की मौत हो गई, वहीं 47 यात्री घायल हो गए। कई यात्रियों के हाथ-पैर भी कट गए हैं। इनमें से 18 लोग गुरदासपुर में भर्ती हैं, कुछ पास के दूसरे अस्पतालों में भेजे गए हैं। कई की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें अमृतसर रेफर किया गया है।
फिलहाल, ड्राइवर-कंडक्टर दोनों मौके से फरार हैं। क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटवाने के अलावा पुलिस हादसे की वजह की छानबीन में जुटी है। वहीं डीसी मोहम्मद इशफाक ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने एसडीएम सकत्तर सिंह बल के नेतृत्व में एक कमेटी बनाई है, जो इस घटना की जांच करेगी।
यह लोग हुए जख्मी
जख्मियों में अर्नव कुमार, फिरदौस हुसैन, मुजामिल कौसर, सुनील, रजनी डोगरा, सिमरन, राजिंदर कुमार, सुमित, राजेश महाजन, प्रिया कपूर, जय देवी, तनवीर, बीनू खोसला, चंदन मोहन, राजकुमार वेद, विक्की मेहरा, विजय लक्ष्मी और उर्वशी शामिल हैं। इनमें से आठ वर्षीय अर्नव पुत्र प्रमोद कुमार निवासी बिहार का दायां हाथ, मुजमिल कौसर पत्नी फिरदौस हुसैन निवासी कश्मीर की बाजू और विजय लक्ष्मी पत्नी राजकुमार निवासी छत्तीसगढ़ का बायां पैर कट गया। तीनों के अलावा सिमरन पुत्री अमरीक सिंह निवासी जम्मू, सुमित कुमार पुत्र किशोरी लाल निवासी जम्मू, बीनू खोसला पत्नी अमित खोसला निवासी जम्मू, फिरदौस हुसैन पुत्र गुलाम हुसैन निवासी श्रीनगर और राज कुमार पुत्र मंगत राम निवासी जम्मू को अमृतसर रेफर कर दिया गया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.