मुम्बई से अमृतसर आने वाली स्पाइस जैट की फ्लाइट शनिवार 2.47 घंटे की देरी से अमृतसर पहुंची। तकनीकी खराबी के कारण शनिवार यह फ्लाइट 3.30 घंटे की देरी से मुंबई से टेकऑफ कर पाई। दो घंटे से अधिक समय तक फ्लाइट में बैठे रहने से खफा यात्रियों ने जब हंगामा शुरू किया तो स्पाइस जैट को उनके लिए अलग से फ्लाइट का इंतजाम करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि उन्हें समय के अनुसार 11.30 बजे के करीब ही फ्लाइट में बैठा दिया गया था। 12 बजे सभी ने फ्लाइट टेकऑफ की तैयारियां भी कर ली थी, लेकिन फ्लाइट नहीं उड़ी। कुछ समय बाद पता चला कि फ्लाइट में कोई टेक्नीकल फाल्ट है, जल्द फ्लाइट टेकआफ करेगी। दो घंटे बैठे रहने के बाद यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। अंत में बाद दोपहर 3.30 बजे दूसरे विमान में यात्रियों को भेजा गया।
विंग्ज में अाई थी कोई दिक्कत : राहुल
मुम्बई से अमृतसर पहुंचे बटाला के राहुल ने जानकारी दी कि यात्रियों को फ्लाइट की खराबी के बारे में स्पष्ट नहीं बताया गया था, लेकिन टेक्निकल स्टाफ विंग्स के पास काम कर रहा था। स्पष्ट था कि विंग्स में कोई दिक्कत आई थी। तकरीबन तीन घंटे तक प्रयास करने के बाद भी जब फाल्ट ठीक ना हुआ तो उन्हें दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट किया गया था।