- सरकार ने दिखाई हरी झंडी, 13 से 19 दिसंबर तक होगी धार्मिक यात्रा
- विदेश मंत्रालय ने श्रद्धालुओं की सूची पाकिस्तान दूतावास नई दिल्ली को भेजी
Dainik Bhaskar
Dec 08, 2019, 06:08 AM ISTअमृतसर. पाकिस्तान स्थित कटासराज मंदिर में 13 दिसंबर को श्रद्धालुओं का जत्था रवाना होगा। इस जत्थे को केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय ने हरी झंडी दिखा दी है। विदेश मंत्रालय ने यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सूची पाकिस्तान दूतावास नई दिल्ली को वीजा लगवाने के लिए भेज दी है।
केंद्रीय सनातन धर्म सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रताप बजाज ने बताया कि पाकिस्तान स्थित हिंदुओं के प्राचीन महाभारतकालीन ऐतिहासिक तीर्थ स्थल कटासराज धाम की आगामी प्रस्तावित तीर्थ यात्रा 13 दिसंबर से 19 दिसंबर तक होगी। जबकि पिछली बार शिवरात्रि के अवसर पर यात्रा की अनुमति नहीं मिली थी, जिस कारण कटासराज तीर्थ यात्रियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं।
उन्होंने बताया कि इंडो-पाक 1974 प्रोटोकोल के अनुसार देश से 200 हिंदू तीर्थ यात्रियों को कटासराज यात्रा की अनुमति है। सभा के कार्यकारी अध्यक्ष सागर बजाज व यात्रा प्रबंधक सतीश शौकीन, त्रिलोक चंद, प्रेम नारंग ने बताया कि यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों को पूरी जानकारी पाकिस्तान हाई कमीशन से लेकर जल्द से जल्द सूचित कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय ने इसकी स्वीकृति दे दी है और श्रद्धालुओं की सूची पाकिस्तान दूतावास नई दिल्ली को वीजा लगवाने के लिए भी भेज दी गई है। वहीं इस बात के लिए श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल पाया जा रहा है।
