मनमाने दाम वसूले तो हाेगी कार्रवाई
पंजाब सरकार के आदेशों पर डीसी बी श्रीनिवासन के आदेश अनुसार सेहत विभाग ने केमिस्टों के साथ बैठक करते हुए कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया। जोनल ड्रग अथॉरिटी दिनेश गुप्ता की अगुआई में रिटेल केमिस्ट व होलसेल सर्जिकल केमिस्टों के साथ की गई बैठक में जिला ड्रग इंस्पेक्टर रमनदीप गुप्ता भी उपस्थित हुए, जबकि टीबीडीसीए के जिला प्रधान व रिटेल केमिस्ट एसोसिएशन प्रधान अशोक बालियांवाली ने केमिस्टों की अगुवाई की।
इस दौरान दिनेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना वायरस से डरने की बजाय सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मास्क व सेनेटाइजर के ना मिलने पर घबराने की जरूरत नहीं बल्कि इनके बगैर भी इस बीमारी को रोका जा सकता है। इस दौरान अशोक बालियांवाली ने समस्त केमिस्टों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी केमिस्ट निर्धारित रेट से अधिक कीमत पर मास्क व सेनेटाइजर न बेचें। अगर निर्धारित रेट से अधिक मूल्य पर बेचते हुए पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी और एसोसिएशन उनकी मदद नहीं करेगी। रिटेल केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा आम जनता को जागरूक करने के लिए अपनी-अपनी दुकानों पर जागरूकता बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इस मौके पर रमेश गर्ग, दर्शन सिंह जौड़ा, प्रीतम सिंह विर्क, शमशेर सिंह, एडवोकेट गुरविदर सिंह, संदीप गर्ग, विजय कुमार भट्टी रोड, होलसेल सर्जिकल की तरफ से महिंदर कुमार, रविंदर कुमार, संदीप नारंग, विवेक कुमार, नरोत्तम कुमार, साहिल व जतिंदर कुमार मौजूद थे।
केमिस्टों के साथ बैठक करते हुए सेहत अफसर।