चीन से आए 10 लोगों को 25 दिन से ढूंढ रहा प्रशासन
चीन सहित अन्य देशों से बठिंडा आने वाले 190 लोगों में से 10 लोगों का अभी तक पता नहीं चल सका है। इन लोगों को पुलिस-प्रशासन तलाश कर रहा है लेकिन पिछले 25 दिन से इन कोई अता-पता नहीं है। प्रशासन ने अब इन लोगों को ढूंढने के पुलिस का सहारा लेना शुरू कर दिया है। एयरपोर्ट अथार्टी की ओर से 25 दिन पहले कोरोना वायरस प्रभावित क्षेत्रों से आने 190 लोगों की लिस्ट जिला प्रशासन को सौंपी थी। जिसके बाद स्क्रीनिंग के लिए सेहत विभाग की विशेष टीम गठित की गई और लिस्ट तैयार कर स्क्रीनिंग शुरू की गई। बताया जा रहा है कि लिस्ट में फोन नंबर, नाम व पता सही न होने के कारण टीम 10 लोगों तक नहीं पहुंच पाई। उक्त सभी 10 लोग बठिंडा शहर व विभिन्न ब्लाकों से संबंधित हैं। भिसीयाना एयरपोर्ट पर कोरोना प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक निर्देश दिए हैं कि जब भी कोई यात्री कोरोना प्रभावित क्षेत्रों से आता है तो सेहत विभाग को सूचित करें, ताकि यात्रियों कि स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जा सके। वहीं, विशेष टीम द्वारा भिसीयाना एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति के लिए ब्लॉक स्तर पर भी रेपिड रेस्पॉन्स टीम का भी गठन किया गया है।
लोगों को ढूंढने के लिए प्रशासन कर रहा है प्रयास
चीन से बठिंडा आए 190 लोगों में से 10 लोगों का अभी तक पता नहीं चल सका है। हालांकि उन लोगों से कोई खतरा नहीं है लेकिन फिर भी प्रशासन इन लोगों की पहचान करना चाहता है। इसलिए पुलिस की मदद भी ली जा रही है।
बी श्रीनिवासन, डीसी बठिंडा
परस राम नगर में एक दुकानदार मास्क लगाकर ग्राहक को सामान देेते हुए।