मेहता में धक्के मारने पर व्यक्ति की माैत के मामले में केस दर्ज
संगत मंडी के गांव मेहता में अपने खेत में लगे मोटर कनेक्शन को शिफ्ट करने का विरोध करने गए खेत मालिक को उसके भाईयों ने धक्का-मुक्की की। धक्का लगने से खेत मालिक नीचे गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस संबंध में मृतक के बेटे के बयानों पर आरोपियों बलदेव सिंह,हरदेव सिंह, लखविंदर सिंह, हरमीत सिंह,चरणजीत सिंह वासी मेहता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संगत पुलिस को दिए बयान में सुरिंदरपाल सिंह वासी गुरु तेग बहादुर सिंह नगर बठिंडा ने बताया कि उनके चाचा के साथ गांव मेहता में उनकी जमीन पर लगे मोटर कनेक्शन लेकर झगड़ा चल रहा है। उनके रिश्तेदार पावरकॉम के अधिकारियों से मिलकर उनके खेत में लगी मोटर को धक्के से अपने खेत में लगाना चाहते थे। इस संबंध में उन्होंने कोर्ट में याचिका लगाई थी, जिसमें उनको स्टे मिल गई और मामले की सुनवाई
18 मार्च को होनी है। उन्हें वीरवार को गांव से किसी व्यक्ति का फोन आया कि उनके रिश्तेदार बिजली बोर्ड के अधिकारियों से मिलकर खेत में लगे मोटर कनेक्शन को हटा रहे हैं। इसका पता चलते ही वह अपने पिता हरदयाल सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए। जब उसके पिता ने कोर्ट में स्टे होने के बावजूद ट्रांसफार्मर हटाने के बारे में पूछा तो उनके चाचा और उनके लड़कों ने उसके पिता को धक्का मारा और उसके पिता नीचे गिरकर बेहोश हो गए। जिसे वह तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर आए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संगत पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई गुरचरण सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।