डीजल में मिट्टी का तेल मिक्स कर गाड़ी में डालने का आरोप
बठिंडा| तिकोनी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप में उस समय हंगामा हो गया जब एक कार चालक ने मौके पर पहुंचकर आरोप लगाया कि पंप में सप्लाई हो रहे डीजल में मिट्टी का तेल मिक्स किया गया है। इस बात को लेकर काफी हंगामा हुआ। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कार चालक की शिकायत दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार प्रताप नगर वासी रविंदर कुमार ने बताया कि उसने एक दिन पहले मान पेट्रोल पंप से 1100 रुपए का डीजल डलवाया था। इसके अगले दिन उसकी गाड़ी सीज हो गई जब उसने मेकेनिक से चेक करवाया तो उसने बताया कि डीजल में मिट्टी का तेल मिक्स था। जब वह पंप मालिक के पास इसकी शिकायत करने पहुंचा तो वहां पर उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसी तरह रोहित मित्तल ने भी आरोप लगाया कि उसने भी 535 रुपए का डीजल डलवाया था, जिसमें मिट्टी का तेल मिक्स था। करीब दो घंटे के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने रविंदर कुमार की शिकायत दर्ज कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।