12 लाख रुपए का बिल्डिंग मटीरियल खरीदकर पेमेंट नहीं की, पांच पर केस
गांव फुल्लोखारी स्थित गुरु गोबिंद सिंह रिफाइनरी में बिल्डिंग मटीरियल की सप्लाई करने के नाम पर बठिंडा निवासी एक व्यापारी से 12 लाख रुपयों से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में रामा पुलिस ने गुजरात की एक कंपनी के कांट्रेक्टर समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्राप्त जानकारी अनुसार दीपक भल्ला वासी अमरीक सिंह रोड़ बठिंडा ने रामा पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वो बिल्डिंग मटीरियल सप्लाई का कारोबार करता है। आरोपी संदीप नानावती इंजी.एंड कांट्रैक्टर कीरती टॉवर वड़ोदरा गुजरात, कुलदीप वर्मा वासी मोधेश्वरी जिला भरूच गुजरात, शाह नीलेश वासी सनतोरियम जिला वडोदरा गुजरात जो गांव फुल्लोखारी स्थित रिफाइनरी में मटीरियल सप्लाई का काम करते हैं ने उससे 12,35,560 रुपए का मटीरियल मंगवाया था। आर्डर के मुताबिक उसने उक्त माल निर्धारित जगह पर पहुंचा दिया लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी अभी तक आरोपियों ने उक्त आर्डर की पेमेंट नहीं की। जब उसने आरोपियों से पेमेंट की बात की ताे वे टालमटोल करने लगे। इस तरह आरोपियों ने मिलकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उक्त आरोपियों के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा केस दर्ज कर अगली कारवाई शुरु कर दी है। इचौंकी इंचार्ज गोबिंद सिंह एएसआई ने बताया कि जांच दौरान धोखाधड़ी के कई ओर मामले भी सामने आने की संभावना है।