दिन भर बूंदाबांदी, शाम को तेज हवा के साथ बारिश, 70 गिरा पारा
20 के बाद बारिश हुई तो गेहूं की फसल को होगा नुकसान
कृषि अधिकारी डॉ. गुरतेज सिंह ने कहा कि 20 मार्च के बाद बरसात अथवा मौसम बिगड़ना गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा सकता है, इस दौरान गेहूं के दानों में पानी भरने से भारी हो जाएंगे और तेज हवा के थपेड़ों से फसल खेतों में बिछ जाने से काफी नुकसान हो सकता है। बठिंडा जिले में 2 लाख 54 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई हुई है।
अगले दो दिन भी बारिश के आसार, तेज हवाएं चलेंगी
बठिंडा । वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते बुधवार को मौसम में एक बार फिर से बदला, दिन भर बादल छाए रहे और तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बूंदाबांदी तो कभी तेज बरसात से तापमान में गिरावट आई। मार्च महीने में भी लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े। मौसम विभाग ने आगामी दो दिन में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने जबकि 5 से 7 एमएम बारिश का अंदेशा जताया है। अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि बारिश 1.2 एमएम हुई।
फोटो इनपुट: एसएस सोनू