पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

डिस्पोजल व रोड जालियों में ओले फंसने से रुकी पानी की निकासी,लोगों को हुई परेशानी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

शनिवार को दोपहर जोरदार बरसात से साथ ओलावृष्टि हुई, लगातार 40 मिनट तक ओलावृष्टि से मैदानों, छतों, सड़क-गलियों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। एक अनुमान के अनुसार लगभग 28 साल बाद भारी मात्रा में ओलावृष्टि देखी गई जबकि मार्च महीने में भी तापमान में गिरावट हुई। बरसात व ओलावृष्टि सिर्फ शहरी इलाकों में हुई, आसपास के गांवों में इसका प्रभाव बेहद कम रहा। यही नहीं, नई बसी कॉलोनियों की बजाए पुराने शहर व लाइनपार इलाकों में ज्यादा ओले पड़े। हालांकि बरसात ज्यादा नहीं हुई लेकिन शहर के निचले इलाकों में पानी की निकासी न होने से दो से ढ़ाई फुट तक पानी भर गया। भारी मात्रा में ओले डिस्पोजल लाइनों व रोड जालियों में जमा होने की वजह से पानी की निकासी प्रभावित हुई।

दिन में धूप खिली लेकिन अचानक दोपहर में मौसम बदला और 12.45 बजे तेज बरसात शुरू हो गई, इसके साथ छोटे साइज के ओले पड़ने लगे। बरसात थोड़ी कम होते ही कंचे के साइज के ओले ताबड़तोड़ बरसने लगे और हर कहीं बर्फ की सफेद चादर बिछ गई।

न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

शनिवार का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गिरा जबकि अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवाओं में नमी की मात्रा 86 से 91 प्रतिशत पर जा पहुंची। ठंडा मौसम होने की वजह से ओले पिघले नहीं बल्कि रोड जालियों व डिस्पोजल लाइनों में जमा हो गए जिससे पानी की निकासी प्रभावित हुई। इसी वजह से लगभग 11 एमएम बरसात से ही शहर के लाइनपार इलाके परसराम नगर, रेलवे अंडरब्रिज के अलावा सिरकी बाजार, माल रोड, पावर हाउस रोड, फौजी चौक में दो से अढ़ाई फुट पानी भर गया जिससे लोगों को परेशानी हुई। नगर निगम की ओर से निचले इलाकों में मोटरें लगाकर पानी की निकासी करवाई, वहीं अनेक कर्मचारी कस्सियों की सहायता से रोड जालियों से बर्फ हटाने में लगे और शाम 6 बजे के बाद शहर से पानी की निकासी की जा सकी।

फसलों काे कोई ज्यादा नुकसान नहीं

बरसात व ओलावृष्टि सिर्फ बठिंडा शहरी क्षेत्र में ही पड़े जबकि गांवों में इसका प्रभाव नहीं हालांकि रामपुरा के फूल में बरसात होने से पीरकोट, सूच व भेणी चूहड़ी की फसलों के नुकसान पहुंचने की खबर मिली है जिसका आकलन एक-दो दिन में पता चल सकेगा।
डाॅ. गुरतेज सिंह, कृषि अधिकारी बठिंडा

ओले गिरे...बच्चों सहित बड़ों ने भी मस्ती की

परस राम नगर में बच्चे ओलों के साथ खेलते हुए।

बच्चे ने ओलों को इक्ट्‌ठा कर उसका पुतला बना दिया।

परस राम नगर मेन रोड पर जमा पानी से गुजरते वाहन। पूर्व एमसी विजय ने कहा कि आने वाले समय में बरसाती पानी की निकासी की समस्या को लेकर लाेगों को साथ लेकर प्रदर्शन करेंगे।
खबरें और भी हैं...