बीएससी एग्रीकल्चर मापदंड का मसला हल करने को सरकार से आग्रह
बठिंडा|पंजाब अनएडेड कॉलेजेज एसोसिएशन व पंजाब अनएडेड टेक्निकल इंस्टीट्यूशंस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से खेतीबाड़ी कॉलेजों के बीएससी एग्रीकल्चर मापदंड संबंधी मसले में व्यक्तिगत दिलचस्पी लेकर समाधान करने का आग्रह किया है। खेतीबाड़ी कौंसिल की ओर से बनाए नए नियम लागू होते हैं तो करीब 107 कॉलेज बंद कर दिए जाएंगे। इतना ही नहीं, लगभग 3000 टीचिंग व नान टीचिंग स्टाफ भी बेरोजगार हो जाएंगे। पंजाब अनएडेड कॉलेजेज एसोसिएशन के प्रधान डॉ. अंशु कटारिया का कहना है कि पंजाब के 107 कॉलेजों में बीएससी खेतीबाड़ी का कोर्स बंद होने का मामला अभी तक नहीं हल नहीं हुआ। पंजाब अनएडेड टेक्निकल इंस्टीट्यूशंस एसोसिएशन के उपप्रधान मनजीत सिंह ने कहा कि पंजाब एक खेतीबाड़ी प्रदेश है, उत्तर-पूर्व, झारखंड, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू व कश्मीर समेत अन्य राज्यों से करीब 20-25 हजार विद्यार्थी हर साल पंजाब के विभिन्न कॉलेजों में दाखिला लेते हैं।