गड्ढों में डाली मिट्टी से बना कीचड़, राहगीर परेशान
शहर के विकास कार्यों के मामले में सदैव चर्चाओं में रहने वाले स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी अब अपने एक नए कारनामे को लेकर चर्चा में हैं। गत लंबे समय से स्थानीय फैक्टरी रोड तथा रेलवे रोड पर पड़े बड़े-बड़े गड्ढों को छिपाने तथा राहगीरों विशेषकर वाहन चालकों को राहत दिलाने हेतु प्रशासन द्वारा गड्ढों में मिट्टी भर दी गई है। प्रशासन के इस प्रयास से सड़क के गड्ढे तो गायब हो गए हैं किंतु बुधवार को हुई बारिश के कारण गड्ढों में भरी मिट्टी ने कीचड़ का रूप ले लिया है। बारिश के कारण सड़क पर बने कीचड़ में फिसलकर कई वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। प्रशासन द्वारा लोगों को राहत पहुंचाने हेतु आनन फानन में की गई उक्त कार्रवाई लोगों के लिए राहत की बजाय आफत बन गई है तथा सड़क पर फैले कीचड़ से परेशान लोगों का कहना है कि इससे तो गड्ढे ही अच्छे थे। दरअसल स्थानीय शहर की दोनों मंडियों को मिलाने वाली मुख्य सड़क फैक्टरी रोड तथा रेलवे रोड की हालत पिछले लंबे समय से खस्ता हो चुकी है। सड़क पर बारिश का पानी जमा होने तथा हैवी वाहन गुजरने के कारण सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क पर सैकड़ों छोटे-बड़े गड्ढे पड़ चुके है। अक्टूबर-2019 में रेलवे रोड पर पड़े एक गहरे गड्ढे से मोटरसाइकिल टकराने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा इन गड्ढों के कारण अक्सर ही वाहन चालक चोटिल होते रहते हैं। उधर, दूसरी तरफ स्थानीय नगर कौंसिल तथा प्रशासन द्वारा सड़क की हालत सुधारने की बजाय कभी मलवा फेंककर तो कभी सड़क के कुछ हिस्से पर इंटरलॉक टाइलें लगवा कर गड्ढों को भरने की नाकाम कोशिश की जाती है।
सड़क के गड्ढों को मिट्टी से भरा गया, जो बारिश में कीचड़ बन जाता है।