पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबठिंडा. बठिंडा में होली वाले दिन धारदार हथियारों से घायल किए गए दो युवकों में से गुरुवार रात एक की मौत हो गई। बताया जाता है कि इन पर 20 के करीब लोगों ने धारदार हथियार और रॉड से हमला कर दिया था। पुलिस इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज करके जांच में जुटी थी, वहीं इनमें से एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। उधर, जिस समय आरोपी युवकों पर हमला कर रहे थे तो उस समय हमलावर मोबाइल से मारपीट का वीडियो भी बना रहे थे।
सिविल लाइन पुलिस को शिकायत देकर लाल सिंह बस्ती के रहने वाले बलदेव सिंह ने बताया कि 10 मार्च होली वाले दिन उसका बेटा गुरप्रीत सिंह व उसका दोस्त भूपिंदर सिंह होली खेलने के लिए अपने दोस्त के घर जा रहे थे। मॉडल टाउन फेज-1 इलाके में काली माता मंदिर के पास भागू रोड का रहने वाला युवक राहुल अतवादी, सन्नी, उसका छोटे भाई, प्रताप नगर निवासी निकसेम, गुरु की नगरी निवासी राजदीप सिंह समेत 15 अज्ञात युवकों ने मिलकर उसके बेटे गुरप्रीत सिंह व भूपिंदर को बीच सड़क घेरकर पीटा। आरोपियों ने तेजधार हथियारों से दोनों के सिर फाड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों ने बताया कि उनका आरोपियों के साथ कुछ समय पहले झगड़ा हुआ था। पुलिस ने आरोपियों पर इरादा कत्ल का केस दर्ज कर लिया। अब गुरुवार रात को इनमें से गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई। इस बारे में एएसआई जसवंत सिंह ने बताया कि कातिलाना हमले के इस केस में हत्या की धारा जोड़ते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोशिशें और तेज कर दी गई हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.