- Hindi News
- Local
- Punjab
- Bathinda
- Bathinda News On The Day Of Holi The Young Man Was Surrounded On The Way And Cut With Sharp Edged Weapons Died During Treatment
होली के दिन युवक को रास्ते में घेरकर तेज धार हथियारों से काटा, उपचार के दौरान मौत
10 मार्च को होली के दिन शहर में हुल्लड़बाजी ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। होली के दिन शहर के काली माता मंदिर के नजदीक दो दर्जन के करीब हथियारबंद युवकों ने तेजधार हथियारों से लैस होकर दो युवकों पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर जख्मी कर दिया था। इस हमले में जख्मी हुए 17 वर्षीय युवक गुरप्रीत सिंह वासी लाल सिंह बस्ती की शुक्रवार सुबह अस्पताल में उपचार के
दौरान मौत हो गई है। जिक्रयोग है कि उक्त मामले में पुलिस ने 20 के करीब हमलावरों पर इरादा कत्ल का केस दर्ज कर लिया था। जिसमें पांच आरोपियों की पहचान हो चुकी है। बताया जाता है कि जिस समय आरोपी युवकों पर हमला कर रहे थे तो उस समय हमलावर मोबाइल से मारपीट का वीडियो भी बना रहे थे।
परिजनों के आंसू नहीं थम रहे, वीडियो में साफ दिख रहे गुंडागर्दी व दरिंदगी के सबूत
सिविल लाइन पुलिस को शिकायत देकर लाल सिंह बस्ती के रहने वाले बलदेव सिंह ने बताया था कि बीती 10 मार्च होली वाले दिन उसका बेटा गुरप्रीत सिंह व उसका दोस्त भूपिंदर सिंह होली खेलने के लिए अपने दोस्त के घर जा रहे थे। माॅडल टाउन फेस वन के पास स्थित काली माता मंदिर के पासो भागू रोड का रहने वाला युवक राहुल, सन्नी, उसका छोटे भाई, प्रताप नगर निवासी निकसेम, गुरु की नगरी निवासी राजदीप सिंह समेत 15 अज्ञात युवकों ने मिलकर उसके बेटे गुरप्रीत सिंह व उसके दोस्त भुपिंदर को बीच रास्ते में घेर लिया और उन पर जानलेवा हमला करते हुए उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की गई। दोनों के सिर फाड़ दिए। पता चला है कि दोनों पक्षों में कुछ समय पहले झगड़ा हुआ था तथा रंजिश के चलते वारदात की।
जवान बेटे को खोने पर परिवार में मातम का माहौल
जवान बेटे को खोने के बाद परिवार के लोगों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक 17 वर्षीय गुरप्रीत सिंह दो भाई बहन है जिसमें गुरप्रीत छोटा था। गुरप्रीत के पिता डेंटिंग पेंटिंग का काम करते हैं जबकि माता हाउस वाइफ है।
इधर, मोटरसाइकिल की चाबी देने से मना किया तो तेजधार हथियारों से काटा
10 मार्च को होली के दिन शहर के अलग अलग इलाकों में हुड़दंगियों ने जमकर उत्पात मचाया था। हरप्रीत सिंह वासी लाल सिंह बस्ती बठिंडा ने थाना कैनाल काॅलोनी पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि बीती 10 मार्च को वो अपने भाई सुखदीप सिंह के साथ बहमण चौक रिंग रोड बठिंडा के पास गया था। इस दौरान वहां मौजूद डैनस वासी बीड़ तलाब बठिंडा तथा बाजा वासी प्रताप नगर बठिंडा ने जान से मार देने की नियत से उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की। आरोपी युवक हरप्रीत से मोटरसाइकिल की चाबी मांग रहे थे जबकि उसने चाबी देने से इंकार कर दिया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तकरार हो गई। जांच अधिकारी एसआई गुरदास सिंह के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ इरादा कत्ल समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवक से दरिंदगी की वीडियो की फुटेज।
बठिंडा के सिविल अस्पताल में विलाप करते हुए मृतक राहुल के माता-पिता और बहन। फोटो : अश्वनी काका।
मृतक गुरप्रीत सिंह (राहुल) (फाइल फोटो)