खेत से मोटर कनेक्शन हटाने का विरोध करने गए व्यक्ति को धक्का मारा, गिरने से मौत
संगत मंडी के गांव मेहता में अपने खेत में लगे ट्रांसफार्मर को हटाने का विरोध करने गए एक व्यक्ति को उसके रिश्तेदारों ने मारने की नीयत से धक्के मारे। नीचे गिरकर बेहोश हुए व्यक्ति को उसके परिवार के लोगों ने सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान हरदयाल सिंह आयु 62 साल के तौर पर हुई जो बठिंडा के गुरु तेग बहादुर नगर के रहने वाले थे और एक्साइज विभाग से ईटीओ रिटायर्ड थे। संगत पुलिस ने मृतक के बेटे सुरिंदरपाल सिंह के बयानों के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल में पहुंचे मृतक हरदयाल सिंह के बेटे सुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि उसके पिता उनका उनके चाचा के साथ गांव मेहता में उनकी जमीन पर लगे मोटर कनेक्शन लेकर झगड़ा चल रहा है। उनके रिश्तेदार पावरकॉम के अधिकारियों से मिलकर उनके खेत में लगी मोटर को धक्के से अपने खेत में लगाना चाहते थे। इस संबंध में उन्होंने कोर्ट में याचिका लगाई थी, जिसमें उनको स्टे मिल गई और मामले की सुनवाई 18 मार्च को होनी है। उन्हें वीरवार को गांव से किसी व्यक्ति का फोन आया कि उनके रिश्तेदार बिजली बोर्ड के अधिकारियों से मिलकर खेत में लगे ट्रांसफार्मर को हटा रहे हैं। इसका पता चलते ही वह अपने पिता हरदयाल सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए। जब उसके पिता ने कोर्ट में स्टे होने के बावजूद ट्रांसफार्मर हटाने के बारे में पूछा तो उनके रिश्तेदार के लड़कों ने उसके पिता को धक्का मारा और उसके पिता नीचे गिरकर बेहोश हो गए। जिसे वह तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर आए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संगत पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विलाप करते हुए मृतक के बेटे।