दहेज प्रताड़ना मामले में तीन साल से भगोड़े चल रहे तीन गिरफ्तार
दहेज प्रताड़ना के मामले में पूर्व तीन साल से पीओ चल रहे एक परिवार के तीन सदस्यों को बठिंडा के पीओ स्टाफ ने शुक्रवार को राजस्थान के अलवर शहर से गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें शनिवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पीओ स्टाफ के एएसआई देसराज ने बताया कि मई 2015 में बठिंडा की बीड़ तलाब बस्ती के रहने वाले व्यक्ति ने राजस्थान के शहर अलवर के गांव दननीता के रहने वाले जसवंत सिंह, उसके पिता गुरनाम सिंह व मां बंसो कौर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाया था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया और उसे घर से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद बठिंडा की महिला थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल करने के बाद तीनों पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आरोपियों ने फर्जी जमानत लेकर बाहर आ गए और बाद में कोर्ट की पेशी से लगातार गैरहाजिर रहे। जिसके बाद अदालत ने साल 2017 में तीनों को पीओ घोषित कर दिया था, जिसके बाद से यह फरार चल रहे थे। एएसआई देसराज ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि तीनों आरोपी अलवर शहर स्थित अपने गांव के घर में मौजूद है। सूचना के आधार पर एएसआई देसराज देसा की अगुआई में हवलदार बब्बलदीप सिंह, हवलदार राकेश कुमार, सिपाही दुल्हा सिंह व महिला कांस्टेबल अमरजीत कौर की एक टीम शुक्रवार को अलवर पहुंची आैर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिन्हें महिला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पकड़े गए आरोपी पीओ विंग की टीम के साथ।