चाकू मारकर जख्मी किए युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
अस्पताल में इकत्रित हुए लोग।
भुच्चो मंडी| बीती 4 मार्च को आदेश अस्पताल में नौकरी करते गांव बाजाखाना के नौजवान जसकुलविन्दर सिंह पुत्र गुरजंट सिंह को गांव भुच्चो कलां के एक नौजवान ने सर्जिकल ब्लेड मार कर गंभीर जख्मी कर दिया था और वह आदेश अस्पताल में ही इलाज अधीन था। बीती रात उसकी मौत हो गई और मौत के बाद जब पारिवारिक मेंबर उसकी लाश लेने के लिए पहुंचे तो अस्पताल वालों ने लगभग साढ़े पांच लाख रुपए का बिल पीड़ितों को भरने के लिए कहा। मृतक के फूफा गुरसेवक सिंह निवासी चक्क बख्तू ने बताया कि जब उसे अस्पताल में दाखिल किया था तो मैनेजमेंट ने इलाज के लिए कोई फीस न लेने का वादा किया था परंतु अस्पताल प्रबंधक फीस भरे बिना मृतक की डेड बाॅडी देने से इन्कार कर रहे हैं। जब अस्पताल ने बिना पैसे के लाश देने से मना कर दिया तो पता लगते ही आसपास के गांवों और मृतक के गांव बाजाखाना और किसान जत्थेबंदी सिद्धूपुर फरीदकोट के नेताओं समेत लगभग 150 लोग अस्पताल में पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख अवतार सिंह मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और शीतल सिंह चीफ सिक्यूरिटी अफसर ने किसान जत्थेबंदी सिद्धूपुर फरीदकोट के जिला जनरल सचिव इंद्रजीत सिंह, जिला सचिव गुरदित्ता सिंह, पूर्व सरपंच बाजाखाना जसमेल सिंह, सरपंच खेमोआना बलजीत सिंह, सरपंच अमरगढ़, लछमण सिंह बाजाखाना, कांग्रेसी नेता संदीप सिंह अकलिया खुर्द आदि के साथ मीटिंग के बाद बिना कोई फीस लिए मृतक देह वारिसों के हवाले कर दी।
पुलिस ने आरोपी प्रभजोत सिंह निवासी भुच्चो कलां के खिलाफ मुकदमा नंबर 46 धारा 307 के अधीन 4 मार्च को पहले ही थाना कैंट बठिंडा में केस दर्ज किया है।