बठिंडा| गांव जेठूके में मंगलवार रात्रि घर लौट रहे एक दोधी पर अज्ञात लोगों ने गोली चला दी। गोली दोधी के दाएं कंधे में लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज भुच्चो मंडी स्थित आदेश अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने घायल दोधी की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस को गोली चलाने वाले के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है।
जांच अधिकारी एएसआई चमन सिंह ने बताया कि घायल गांव जेठूके निवासी अमरीक सिंह ने किसी के साथ दुश्मनी होने से भी इंकार किया है। अमरीक सिंह ने बताया कि उसकी मंगेतर अमेरिका में रहती है। हरियाणा की मूल निवासी उक्त महिला की पहले दीवाना गांव में शादी हुई थी। मगर उसका तलाक हो गया। वो उसके परिवार से मिलने यहां आई थी। शादी के बाद अमरीक को भी अपने साथ ले जाने वाली है। एएसआई चमन सिंह ने बताया कि जांच के लिए उसके मोबाइल की डिटेल निकाल कर चेक की जाएगी।