ओलावृष्टि से नुकसान का नेताओं ने लिया जायजा
वीरवार को ईलाके में हुई मूसलधार बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। इस बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा कहर गांव कल्लरखेड़ा में देखने को मिला है, जहां गेहूं, चना व सरसों की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। वहीं किन्नू के बागों पर आए फूल-पत्तियां भी ओलों के कारण गिर गई हैं। इस ओलावृष्टि से तैयार हुई सरसों की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। गेहूं की बल्लियां भी झड़ गई हैं। किसानों ने बताया कि गांव कल्लरखेड़ा में किन्नू के बागों का भी बड़ा नुकसान हुआ है। मूसलाधार बारिश व ओलावृष्टि से 90 प्रतिशत किन्नू के नए फूल झड़ गए। वहीं ताजा फुटार के पत्ते भी ताश के पत्तों की तरह जमीन पर बिछ गए। उधर शुक्रवार को जिला कांग्रेस प्रभारी संदीप जाखड़ व तहसीलदार जसपाल सिंह द्वारा बारिश व ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों का दौरा किया। संदीप जाखड़ ने कहा के क्षेत्र के किसानों व किन्नू बागवानों का बारिश तथा ओलावृष्टि से बहुत नुकसान हुआ है।