छात्रों को कोरोना के प्रति किया जागरूक
अबोहर|देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस उद्देश्य से विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए डीएवी शिक्षा महाविद्यालय अबोहर में जागरुकता प्रोग्राम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. उर्मिल सेठी ने बताया कि भारत सरकार के साथ-साथ महाविद्यालय भी इस वायरस को लेकर बेहद चिंतित है परंतु जागरूकता के साथ हम इस वायरस को फैलने से रोक सकते हैं । सिविल अस्पताल से आए हेल्थ सुपरवाइजर मनदीप सिंह तथा टहल सिंह ने इस वायरस से बचने की संक्षिप्त जानकारी के साथ-साथ कुछ टिप्स भी दिए। यह वायरस जानलेवा है परंतु भ्रांतियों से भी बच के रहना चाहिए। उन्होंने प्रदर्शन के साथ-साथ विद्यार्थियों को हाथ धोने की प्रक्रिया को विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने भावी अध्यापक को प्रेरित किया कि वह स्वयं जागरूक रहे और आगे अपने विद्यार्थियों तथा समाज को इस प्रकार के वायरस से बचने के बारे में जागरूक रखेंगे। अंत में प्राचार्या डॉ. उर्मिल सेठी की ओर से दोनों वक्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर उनका धन्यवाद प्रेषित किया गया। मंच संचालन अजय खोसला ने किया। इस मौके सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी मौजूद थे।