- Hindi News
- National
- Firozpur News Younger Brother And His Friend Who Are Going To Leave The Center For The 8th Exam Collided With The Bike Coming From The Front Died
छोटे भाई व उसके दोस्त को 8वीं की परीक्षा के लिए केंद्र छोड़ने जा रहे युवक की बाइक सामने से आ रही बाइक से टकराई, मौत
हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक।
वीरवार को पीएसईबी की चल रही 8वीं कक्षा की परीक्षा के लिए अपने छोटे भाई व उसके दोस्त को बाइक पर बैठाकर परीक्षा केंद्र छोड़ने जा रहे युवक की सामने से आ रही बाइक से टकरा जाने के कारण मौत हो गई। वहीं इस सड़क हादसे में बाइक पर बैठे मृतक का छोटा भाई व उसके दोस्त सहित सामने से टकराने वाली बाइक सवार भी घायल हैं जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मृतक जोबन पुत्र पीपल निवासी गांव मल्लांवाला से गांव फत्तेवाला में बने परीक्षा केंद्र में अपने छोटे भाई विश्वास व उसके दोस्त सुमित पुत्र राजेश कुमार को परीक्षा के लिए बाइक पर बैठाकर छोड़ने जा रहा था। परीक्षा केंद्र उनके गांव से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर है जिसके चलते वह परीक्षा में देरी न हो इसलिए तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर गांव फत्तेवाला की ओर जा रहे थे। इस दौरान जब वह अपने गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर स्थित गांव दुला सिंह वाला में स्थित गुरुद्वारा साहिब के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रहे बाइक सवार मेहर सिंह पुत्र अमरजीत सिंह की बाइक के साथ टक्कर हो गई। दोनों बाइकों में टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि सभी सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में जोबन सिंह का सिर सड़क पर जा लगने से उसके कानों से खून बहने लगा जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल विश्वास की टांग में हुआ फ्रैक्चर
सिविल अस्पताल इमरजेंसी में ड्यूटी डाॅक्टर शशी भूषण ने बताया कि सुबह करीब 9.15 बजे अस्पताल में जोबन को इलाज के लिए लाया गया था मगर जब उनका चेकअप किया गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं विश्वास की दाईं टांग में फ्रैक्चर होने के कारण उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है व घायल सुमित का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं इस बारे में थाना मल्लांवाला एसएचओ जतिंद्र सिंह ने बताया कि मृतक जोबन के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
दोनों बाइक सवारों ने नहीं पहना था हेलमेट
जोबन के चाचा सन्नी ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्षीय जोबन व 13 वर्षीय विश्वास के पिता पीपल मजदूरी कर घर का गुजारा चला रहा है। जोबन 8वीं कक्षा पास कर चुका था व अब नौंवी कक्षा में एडमिशन लेना था तो वहीं विश्वास के 8वीं कक्षा की परीक्षा चल रही हैं। सन्नी ने बताया कि वीरवार को सुबह जब जोबन अपने छोटे भाई विश्वास को लेकर गांव फत्ते वाला में बने परीक्षा केंद्र के लिए घर से निकला तो विश्वास का दोस्त सुमित भी परीक्षा के लिए जा रहा था तो उन्होंने उसे भी बाइक पर बैठा लिया व केंद्र के लिए जाने लगे। इसी दौरान गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर उनकी बाइक किसी अन्य बाइक से टकरा गई जिसमें जोबन की मौत हो गई। घटनास्थल पर एकत्रित हुए लोगों ने बताया कि मेहर सिंह पुत्र अमरजीत सिंह गांव माछीके का रहने वाला है व मल्लांवाला शहर में एक दुकान पर नौकरी करता है। वह रोजाना अपने गांव से साइकिल पर दुकान के लिए जाता था मगर आज साइकिल में कुछ खराबी होने के चलते वह बाइक पर सवार होकर दुकान जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइक सवार अाेवरस्पीड में थे जिसके चलते बाइकों के टकराने के बाद दोनों असंतुलित होकर सड़क पर गिर गए। वहीं लोगों ने बताया कि दोनों बाइक सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
दो गंभीर घायलों को फरीकोट मेडिकल कॉलेज किया रेफर
जोबन
जोबन हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
छोटा भाई विश्वास व उसका दोस्त सुमित घायल हो गई। इसके अलावा मेहर सिंह भी बाइक से गिरने के चलते घायल हो गया। सभी को गंभीरावस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां डाक्टरों ने जोबन को मृत घोषित कर दिया अाैर विश्वास और मेहर सिंह को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। सुमित का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सिविल अस्पताल में जोबन की मौत से बिलखते परिजन।
}हादसे में तीन लोग घायल
फत्तेवाला गांव में पड़ा है सेंटर, लेट न हो इसलिए भाई व उसके दोस्त को बाइक से छोड़ने गया था