- Hindi News
- National
- Gurdaspur News 20 Mm Rain Heavy Wind And Hail Storms Affected 20 Of Wheat Crop In 48 Hours
48 घंटे में 20 एमएम बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि से गेहूं की 20% फसल प्रभावित
आज और कल छाए रहेंगे बादल, मंगलवार से साफ होगा मौसम
जिले में 48 घंटे में 20 एमएम बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ओलावृष्टि से जिले में करीब 20 फीसदी गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। बेमौसमी बारिश से इस बार गेहूं का झाड़ कम होने का अंदेशा है। अगर आने वाले दिनों में मौसम साफ नहीं हुआ तो फसल को खासा नुकसान पहुंच सकता है। खेतों में पानी जमा होने से फसल पीली पड़ सकती है। वहीं, कृषि विशेषज्ञ डाॅ. सुमेश चोपड़ा ने बताया कि जिले में गेहूं के नीचे 1.80 लाख हेक्टेयर का रकबा है। बेमौसमी बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान निचले इलाकों में हुआ है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि अगर खेतों में ज्यादा पानी जमा है तो उसे निकालने का तुरंत प्रबंध करें, ताकि फसल को बचाया जा सके। उधर, मौसम विभाग अनुसार मंगलवार से मौसम साफ होने की संभावना है। फिलहाल दो दिन हलके बादल छाए रहेंगे। वहीं, किरती किसान यूनियन के प्रदेश नेता सतबीर सिंह सुल्तानी का कहना है कि बारिश से गेहूं का झाड़ कम होने की संभावना है, जिससे नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से खराब फसल की गिरदावरी कराने की मांग की है।
बारिश और ओलावृष्टि से बेट इलाके में गेहूं/बरसीन की फसल को नुकसान, किसानों ने मांगा मुआवजा
भास्कर संवाददाता | तिब्बड़ी कैंट
पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हुई बारिश और ओले पड़ने से बेट इलाके के किसानों की गेहूं और बरसीन की फसलें खराब हो गई हैं। जानकारी देते किसान हरदीप सिंह, मनमोहन सिंह, हरजिंदर सिंह, सर्बजीत सिंह, गुरनाम सिंह, मोहन सिंह, परमजीत सिंह, सेवा दास, राकेश कुमार, विजय मसी, सुखविंदर सिंह रणजीत सिंह, भजन बोरावाला के अलावा गांव भैणी मीलमां, पुराना शाला, दारापुर, टांडा के किसानों ने बताया कि वर्षा के अलावा ओले पड़ने से उनकी फसल तबाह हो गई है। गेहूं की फसल तबाह होने से पशुओं के लिए बीजा हरा चारा भी प्रभावित हुआ है, जबकि किसान पहले ही कर्ज के बोझ तले दबे हैं। ऐसे में अपने बैंकों का कर्ज कैसे अदा कर सकेंगे।
गौर हो कि इससे पहले धान की फसल भी बेमौसमी बारिश ने बर्बाद कर दी थी। पीड़ित किसानों ने पंजाब सरकार और माल विभाग के अधिकारियों से बर्बाद फसल का उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।
बटाला में बारिश से घर की छत गिरी
बटाला | बटाला के गांधी कैंप इलाके में बारिश के कारण घर की कच्ची छत गिर गई। गनीमत यह रही कि जानी नुकसान होने से बच गया। वार्ड नंबर 7 के वजिंदर कुमार विक्की ने बताया कि महिला सरबजीत विधवा है और अपने बच्चों समेत घर में रहती है। वह लोगों के घरों में काम करके अपने घर का गुजारा करती है। उन्होंने बताया कि सुबह उन्हें सरबजीत का फोन आया कि उनके मकान की छत गिर गई है, जिस कारण नीचे पड़ा फर्नीचर समेत अन्य सामान टूट गया है। उन्होंने बताया कि वह पंजाब सरकार और समाजसेवी संस्थाओं से इस महिला के घर की उसारी के लिए गुहार लगाते हैं। इस अवसर पर सुरिंदरपाल, राज कुमार, सूरज कुमार, गुलशन, इंद्रजीत, बलकार, संतोष आदि मौजूद थे।
डीसी ने गिरदावरी के दिए आदेश
बेमौसमी बारिश से खराब हुई फसल को लेकर डीसी मोहम्मद इश्फाक का कहना है कि जिले में गिरदावरी करवाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही प्रदेश सरकार को भेज दी जाएगी। इसके अलावा खराब फसल के सही आंकड़ों का पता गिरदावरी होने के बाद ही चल पाएगा।
किसान चिंतित }जिले में 1.80 लाख हेक्टेयर रकबे में है गेहूं, निचले इलाकों में ज्यादा नुकसान
बब्बरी बाइपास के पास बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में बिछी फसल।