- Hindi News
- National
- Batala News Case Filed Against Two Travel Agents For Cheating 138 Lakh By Promising To Get Jobs In Dubai
दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.38 लाख ठगने के आरोप में दो ट्रैवल एजेंटों पर केस दर्ज
पैसे लेकर दुबई तो भेजा पर नौकरी नहीं लगवाई
युवक को रोजगार के लिए दुबई तो भेज दिया, लेकिन वहां नौकरी नहीं लगवाने के आरोप में पुलिस ने दो ट्रैवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस संबंध में थाना सिटी के एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि कमलप्रीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी हसनपुरा ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने भाई को रोजगार के लिए विदेश भेजना चाहता था, इसी सिलसिले में उसकी पहचान जसपाल सिंह निवासी मुरादाबाद और लाभ सिंह निवासी फत्तुभीत के साथ हुई। उन दोनों ने उसे विश्वास दिलाया कि वह उसके भाई को वर्क परमिट पर दुबई भेज देंगे और वहां पर नौकरी भी लगवा देंगे। इसके लिए उन्होंने उससे 1 लाख 74 हजार रुपए ले लिए। कमलजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि दोनों ट्रैवल एजेंटों ने उसके भाई को दुबई तो भेज दिया लेकिन वहां नौकरी नहीं दिलाई, जिससे उसका भाई वापस भारत आ गया। उसने अपने दूसरे भाई को भी दुबई जाने से रोक लिया, जिससे उनके और पैसों का नुकसान होने से बच गया। जब उन्होंने दोनों ट्रैवल एजेंटों से अपना पैसा वापस मांगा तो उन्होंने उसे 35 हजार रुपए दे दिए और बाकी बचे 1 लाख 38 हजार रुपए अभी तक नहीं दिया।
एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि कमलजीत सिंह की शिकायत की जांच डीएसपी (जांच) ने की। जांच में आरोपी पाए जाने पर
दोनों ट्रैवल एजेंट जसपाल सिंह और लाभ सिंह के खिलाफ धारा 420 व 406 के तहत मामला दर्ज किया गया है, फिलहाल किसी गिरफ्तारी नहीं हुई।
इधर, कनाडा भेजने के नाम पर लाखों ठगने के आरोप में 3 लोगों पर केस दर्ज
9 लाख 40 हजार रुपए लेकर न वीजा लगवाया, न पैसे वापस किए
भास्कर संवाददाता | बटाला
कनाडा भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना श्री हरगोबिंदपुर के एएसआई साहिब सिंह ने बताया कि गुरनाम सिंह पुत्र सविंदर सिंह निवासी धारीवाल ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह कनाडा जाना चाहता था। इसी सिलसिले में उसकी पहचान अमृतसर के रहने वाले निश्चल सिंह, उसके भाई सुखवंत सिंह और उनकी मां बलविंदर कौर के साथ हुई। निश्चल सिंह और उनके पारिवारिक सदस्यों ने उसे विश्वास दिलाया कि वे उसे कनाडा भेज सकते हैं। निश्चल सिंह ने उसे कनाडा भेजने के लिए 9 लाख 40 हजार रुपए ले लिए, लेकिन काफी समय बीत जाने पर भी न तो उसे कनाडा भेजा और न ही उसका पैसा वापस किया। एएसआई साहिब सिंह ने बताया कि गुरनाम सिंह की शिकायत की जांच डीएसपी श्री हरगोबिंदपुर ने की। वहीं, जांच में आरोप पाए जाने पर निश्चल सिंह, उसका भाई सुखवंत सिंह और उनकी मां बलविंदर कौर के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है, फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।