- Hindi News
- National
- Gurdaspur News Chemists Will Strike If The Government Does Not Change Drug Policy Satish
सरकार ने ड्रग पॉलिसी न बदली तो हड़ताल करेंगे केमिस्ट : सतीश
जानकारी देते केमिस्ट एसोसिएशन के नेता।
गुरदासपुर | पंजाब में संशोधित ड्रग पॉलिसी 2019 को लेकर केमिस्टों और राज्य सरकार के बीच गतिरोध खत्म नहीं हुआ तो मई में राज्य के केमिस्ट तीन दिन की हड़ताल कर सकते है। यह एलान पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन की मीटिंग में किया गया। पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के आर्गेनाइजिंग सचिव व जिलाध्यक्ष सतीश कपूर ने बताया कि मीटिंग में तय किया गया कि आगामी एक माह के दौरान विधायकों और ड्रग अथॉरटी को संशोधित ड्रग पॉलिसी 2019 से आईं समस्याओं के बारे में ज्ञापन सौंपकर इसमें संशोधन की मांग की जाएगी। अगर उसके बावजूद सुनवाई नही हुई तो 15 अप्रैल के आसपास केमिस्ट चंडीगढ़ स्थित ड्रग ऑफिस के बाहर भूख हड़ताल व धरने पर बैठेंगे। उसके बाद भी सरकार को एक माह का वक्त देंगे।
उन्होंने कहा कि अगर फिर भी सरकार की नींद नहीं टूटी तो मई माह में तीन दिन के लिए सभी दुकानें बंद रखी जाएगी। इससे पहले सभी जिलों में हल्ला बोल रैलियां की जाएंगी। एसोसिएशन ने 7 सदस्यीय कमेटी का गठन किया जोकि ड्रग पॉलिसी 2019 को कोर्ट में चैलेंज करने पर भी कानूनी राय लेगी। उन्होंने बताया कि पंजाब में हर वर्ष तीन हजार विद्यार्थी फार्मेसी करते हैं लेकिन सरकार नए ड्रग लाइसेंस नहीं दे रही तो यह विद्यार्थी कहां जाएं। अगर बरसों से कारोबार कर रहा कोई व्यक्ति बुजुर्ग हो गया है और उसके बच्चे विदेश या किसी अन्य कारोबार कर रहे है तो वह अपना लाइसेंस किसी को ट्रांसफर नहीं कर सकता है। ऐसे में उसे अपना कारोबार बंद ही करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने 18 नवंबर को ड्रग डिपार्टमेंट के अधिकारियों से मीटिंग करने बाद नई ड्रग पॉलिसी लाने का भरोसा दिया था मगर चार माह बाद भी कुछ नहीं हुआ, इसलिए केमिस्टों का संघर्ष की घोषणा करनी पड़ी।