बारिश से बिगड़ी 12 मेन सड़कों की हालत
पिछले एक हफ्ते से जारी बारिश के कारण शहर की 12 मेन सड़कों की हालत बिगड़ गई है। जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों के अलावा पैदल लोगों का गुजरना तक मुश्किल हो गया है। हालत यह है कि एकाध सड़क को छोड़कर शहर की कोई भी सड़क ऐसी नहीं है, जहां पर गड्ढे न पड़े हों। खास बात यह है कि शहर के लोगों को अभी सड़कों की हालत में सुधार के लिए करीब एक माह तक के समय का इंतजार करना होगा। पीडब्ल्यूडी विभाग को बेमौसमी बरसात के थमने और गड्ढों में भरा पानी सूखने का इंतजार है। उसके बाद ही सड़कों पर पैच वर्क शुरू हो पाएगा। शहर की मेन सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। बस स्टैंड रोड, जहाज चौक, जीटी रोड, संगलपुरा रोड, जेल रोड, डाकखाना चौक, मेहरचंद रोड, काहनूवान रोड, कॉलेज रोड, गीता भवन रोड, मुकेरियां रोड, हरदोछन्नी रोड आदि सड़कों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इनके चलते रोजाना अकसर वाहन चालक हादसों का शिकार होते रहे हैं, लेकिन किसी भी अधिकारी का ध्यान इस तरफ नहीं है। फिलहाल आने वाले समय में इन सड़कों के ठीक होने की भी संभावना दिखाई नहीं दे रही है, जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करते रहना होगा। हालांकि इन सड़कों की हालत पिछले लंबे समय से खराब चल रही है, लेकिन अब अधिकारी मौसम खराब होने का बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
उधर, मामले को लेकर पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन हरजोत सिंह का कहना है कि बारिश के बाद सड़कों का पैचवर्क करा दिया जाएगा। वैसे तो लुक प्लांट 15 मार्च तक चालू हो जाते हैं, लेकिन बारिश से थोड़ा ज्यादा समय लगेगा। जल्द ही सभी सड़कों की हालत में सुधार कर दिया जाएगा।
काहनूवान रोड पर पड़े गड्ढों के बीच से गुजरते वाहन चालक।