दहेज प्रताड़ना के आरोप में नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग
बटाला | विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना के आरोप में नामजद आरोपी पति की गिरफ्तारी की पुलिस प्रशासन से मांग की है। इस संबंध में बटाला के मोहल्ला खंडाखोला की रहने वाली रेखा पुत्री प्रताप चंद ने बताया कि उसकी शादी 2017 में मुकेरियां के निकट भंगाला के रहने वाले रवि कुमार के साथ हुई थी। रेखा ने पति रवि कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के कुछ देर बाद ही पति ने कम दहेज लाने का कह कर उसे मानिसक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। ससुराल में पति द्वारा आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी। मारपीट संबंधी 11 जनवरी 2019 को उसने अपने परिवार सहित थाना सिटी में पहुंच कर शिकायत दर्ज करवाई। 2 महीने तक कार्रवाई न होने पर वह एसएसपी समक्ष पेश हुई, जिस पर वुमन सेल को शिकायत मार्क कर दी गई। एक साल बाद 8 जनवरी 2020 को पति के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज किया गया। वहीं, डिंपल और उसके परिवार ने एसएसपी से मांग की है कि उसकी बहन को प्रताड़ित करने वाले उसके पति रवि कुमार को गिरफ्तार किया जाए। बात करने पर थाना सिटी के एसएचओ सबइंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि रेखा की शिकायत पर उसके पति रवि के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धारा 498-ए के तहत मामला दर्ज है। पुलिस इस मामले में सीधे तौर पर आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकती। आरोपी को अपना पक्ष रखने के लिए 3 बार नोटिस दिया जाता है, अगर आरोपी नोटिस मिलने पर भी जांच में शामिल नहीं होता तो अदालत से गिरफ्तार वारंट लेकर उसे गिरफ्तार किया जाता है, इस मामले में रवि को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया जा चुका है। पुलिस कानून के अनुसार अपना काम कर रही है।