- Hindi News
- National
- Gurdaspur News Lecturer Sitting On Dharna Outside Government College Said Government Should Regular With Full Salary
सरकारी कॉलेज के बाहर धरने पर बैठे लेक्चरर बोले-पूरे वेतन के साथ रेगुलर करे सरकार
गेस्ट फैकल्टी लेक्चरर ने अपनी हकी मांगों को लेकर शुरू की प्रदेश स्तरीय हड़ताल वीरवार को दूसरे दिन भी जारी रखी। सरकारी कॉलेज गुरदासपुर के गेस्ट फैकल्टी लेक्चररों ने कॉलेज गेट के बाहर धरना लगाने उपरांत शहर में रोष मार्च निकाला। बता दें कि गेस्ट फैकल्टी लेक्चररों की प्रदेश स्तरीय 10 सदस्यीय कमेटी चुनी गई थी, जिसने प्रदेश स्तरीय अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया था।
इस कमेटी में प्रोफेसर हरमिंदर सिंह डिंपल नाभा, प्रोफेसर रविंदर सिंह मानसा, प्रोफेसर अरमिंदर सिंह, प्रोफेसर गुलशनदीप सिंह, प्रोफेसर हुक्म चंद, प्रोफेसर जसविंदर सिंह, प्रोफेसर फलविंदर वर्मा, प्रोफेसर जोगा सिंह, प्रोफेसर धर्मजीत सिंह मान और प्रोफेसर बख्शीश शामिल हैं।
धरने को संबोधित करते गेस्ट फैकल्टी यूनियन के नेता प्रोफेसर जोगा सिंह ने कहा कि सरकार ने गेस्ट फैकल्टी लेक्चररों को बेरोजगार करने का संकेत कर दिया है। एक तरफ तो पंजाब सरकार ने अपने मैनिफेस्टो में घर-घर रोजगार देने का वादा किया था और आज वही कैप्टन सरकार इन लेक्चररों को निकालने में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि जब वे इस पोस्ट पर तैनात हुए थे तो वे बतौर डीपीआई की हिदायतों पर भर्ती किए थे। उधर, सरकार ने यह संकेत विद्यार्थियों की परीक्षाएं शुरू होने से पहले दिया है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई का काफी नुकसान हो सकता है।
इसके बाद पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के प्रदेश नेता अमर क्रांति व मनी भट्टी ने कहा कि पंजाब सरकार इन लेक्चररों को पक्का करे और इन्हें पूरा वेतन सरकारी खजाने में से दिया जाए, ताकि विद्यार्थियों से वसूला जाता पीटीए फंड बंद किया जा सके।
उन्होंने बताया कि पहले इन गेस्ट फैकल्टी लेक्चररों की पूरी तनख्वाह पीटीए फंड में से दी जाती थी, पर बाद में शिक्षक-विद्यार्थी एकता ने आधा वेतन सरकारी खजाने में से मिलना शुरू हुआ था। अब भी सरकारी कॉलेजों के विद्यार्थियों से पीटीए फंड वसूला जाता है और उसमें इन लेक्चररों को आधी तनख्वाह दी जाती है। उधर, डीएमएफ के प्रदेश नेता अमरजीत शास्त्री ने कहा कि यह सरकार निजीकरण की नीतियों को प्रदेश में लागू कर लोक भलाई के विभागों को बर्बाद करने में लगी है। सरकारी की इन भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। इसके उपरांत शिक्षक-विद्यार्थी संगठनों के नेताओं ने कहा कि वे इस खिलाफ लोगों को एकजुट कर गेस्ट फैकल्टी लेक्चररों को हक दिलाएंगे और पीटीए फंड माफ कराएंगे।
इस मौके प्रोफेसर सुप्रीत कौर, प्रोफेसर पलविंदर कौर, प्रोफेसर मनजीत कौर, प्रोफेसर हरजीत सिंह, प्रोफेसर सतविंदर सिंह, प्रोफेसर दिनेश कालिया, प्रोफेसर अंदलदीप, प्रोफेसर ऐनी शर्मा, प्रोफेसर रमनदीप कौर, प्रोफेसर नीलम, प्रोफेसर मोना सोनी, प्रोफेसर भारती आदि के अलावा अन्य मौजूद थे।
सरकारी कॉलेज के बाहर हड़ताल पर बैठे गेस्ट फैकल्टी लेक्चरर।