- Hindi News
- National
- Gurdaspur News Powercom Uprooted Green Tree From Jcb To Install Transformer
ट्रांसफार्मर लगाने को पावरकॉम ने जेसीबी से उखाड़ डाला हरा-भरा पेड़
प्रदेश सरकार लोगों को पर्यावरण बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की सलाह दे रही है, लेकिन दूसरी तरफ सरकारी मुलाजिम ही नियमों को ताक पर रखकर हरे भरे वृक्षों को तबाह कर रहे हैं। ऐसा ही मामला सोमवार को कलानौर रोड स्थित इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट में सामने आया। यहां पर बिजली का ट्रांसफार्मर लगाने पहुंचे पावरकॉम के मुलाजिमों ने हरा-भरा वृक्ष जेसीबी से जड़ों से उखाड़ डाला। यही नहीं इस दौरान आस-पास लगे अन्य पौधों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस बारे में जब पावरकॉम के मौके पर मौजूद मुलाजिमों से बात करने का प्रयास किया गया तो पहले तो वे इस बारे में कोई साफ जवाब नहीं दे पाए। उनसे वृक्ष उखाड़ने को लेकर वन विभाग से ली गई परमिशन दिखाने को कहा गया तो उनका कहना था कि ऐसी कोई परमिशन नहीं ली गई है।
कॉलोनी निवासी निर्मल कालिया ने बताया कि उन्होंने सड़क के किनारे कई पेड़ लगा रखे हैं ताकि पर्यावरण को साफ रखा जा सके। यह पेड़ भी उन्होंने करीब छह साल पहले लगाया था, जिसे पाल पोसकर काफी बड़ा किया था। पावरकॉम के मुलाजिमों ने आते ही जेसीबी से इसे उखाड़ डाला। यही नहीं आस-पास के पौधों को भी नुकसान पहुंचा है। पेड़ को पालने में तो कई साल लग गए, लेकिन मुलाजिमों ने चंद सेकंड में इसे धराशायी कर दिया है। अगर ट्रांसफार्मर लगाने में कोई परेशानी आ रही थी तो इसे झाड़ा जा सकता था। ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था। उधर, मौके पर पहुंचे वन विभाग के वन गार्ड अर्जुन ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जायजा ले लिया गया है। वृक्ष को उखाड़ने वाले मुलाजिमों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पहुंचकर जानकारी लेता वन गार्ड अर्जुन कुमार।