जिले में 10.9 एमएम बारिश, गेहूं को नुकसान
जिले में 3 दिन से हो रही बारिश से होशियारपुर, टांडा, गढ़शंकर, माहिलपुर और चब्बेवाल में 8.4 फीसदी गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। दसूहा और मुकेरियां में गढ़ों के कारण फसल बिछ गई है। सरसों, तोरिया, दालों समेत सब्जी की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। दसूहा के बेट इलाके में तेज बारिश से 0.6 फीसदी गेहूं के रकबे में पानी खड़ा हो गया है। बेमौसमी बारिश से गेहूं का झाड़ कम होने का अनुमान है। शनिवार को भी सारा दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही। जिले 10.9 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। होशियारपुर तहसील में 5.0 एमएम, गढ़शंकर में 6.0 एमएम, मुकेरियां में 12.7 एमएम और दसूहा में 12.0 एमएम बारिश हुई। तहसील मुकेरियां और दसूहा में मार्च में इस बार शुक्रवार और शनिवार शाम तक सबसे अधिक बारिश पड़ी, जिससे यहां फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। खेतीबाड़ी अफसर मनप्रीत सिंह ने कहा कि किसानों खेत में पानी खड़ा न होने दें। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आज मौसम साफ रहने के आसार हैं।