कोर्ट कॉम्प्लेक्स में भाजपा नेता पर 5 हथियारबंद युवकों ने किया हमला
कोर्ट कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को करीब 11.45 बजे तेजधार हथियारों से लैस पांच युवकों ने भाजपा नेता पर हमला कर दिया। उसने भाग कर जान बचाई। एक युवक ने उस पर वार करके उसकी बाजू जख्मी कर दी। पुलिस ने एक हमलावर को पकड़ लिया जबकि 4 हमलावर फरार हो गए। सिविल अस्पताल में युवा भाजपा सिटी प्रधान सिमरन सुकंद सैम निवासी मोहल्ला मॉडल टाउन ने बताया कि वह पिता हरपाल सिंह टिक्का के साथ शुक्रवार को कोर्ट में चल रहे दो मामलों की तारीख भुगते के लिए पहुंचा था। एक कोर्ट में तारीख भुगतने के बाद जब वह दूसरी कोर्ट में जा रहा था तो 5 युवकों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस मुलाजिमों ने उसे बचाया। हरपाल सिंह टिक्का ने बताया कि डेढ़ साल पहले होशियारपुर निवासी एक युवक के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़ा करने वाला सिमरन का दोस्त था। उसी दोस्त ने अपने कुछ साथियों से मिलकर हमला किया है।
थाना सिटी के एसएचओ गुरविंदर कुमार बंटी ने बताया कि कोर्ट कॉम्प्लेक्स में कुछ हथियारबंद युवकों ने भाजपा युवा नेता सिमरन सुकंद सैम पर हमला किया था। पुलिस घटना का पता चलते ही मौके पर पहुंच गई थी। एक युवक को मौके पर काबू कर लिया था लेकिन उसके चार साथी फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले की जांच के बाद ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।