िवत्तीय साक्षरता से होता है फायनेंशियल फ्रॉड से बचाव : राणा
तलवाड़ा | सभ्याचारक रंग मंच द्वारा नेहरू युवा केंद्र के निर्देशन में तलवाड़ा में वित्तीय साक्षरता शिविर लगाया गया। यहां मुख्य वक्ता मैनेजमेंट गुरु विक्रांत कुमार थे। सोशल एक्टीविस्ट गगन राणा ने कहा कि हमारा दुर्भाग्य है कि हमें वित्तीय मामलों का ज्ञान स्कूल एवं कॉलेजों के माध्यम से नहीं मिल पाया, इस कारण हम में वित्तीय साक्षरता का अभाव है। आज यदि हम आंकलन करें तो हमने अधिकतम वित्तीय उत्पाद किसी परिचित/रिश्तेदार/मित्र आदि के मुलायजे में आकर लिए हैं। हम अपने वित्तीय मामलों में ऐसे सेल्समैनों पर निर्भर हैं जिनका हित किसी कंपनी विशिष्ट के उत्पाद बेचने से है, उनसे कैसे हम आशा कर सकते हैं कि वे हमारे वित्तीय हित में हमें अपनी वित्तीय योजना बनाने एवं विभिन्न विकल्प में से उपयुक्त उत्पाद चुनने में मदद करेंगे। अतः वित्तीय साक्षरता से हम अपने लिए उचित वित्तीय निर्णय ले सकेंगे।