- Hindi News
- National
- Garhshankar News Leadership Ward39s Number One But Laggards In Cleanliness
नेताअों की मेहरबानी : वार्ड का नाम नंबर एक लेकिन स्वच्छता में फिसड्डी
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अकाली-भाजपा, आम आदमी पार्टी व कांग्रेस नेताओं द्वारा 15 वर्ष से आश्वासन दिए जा रहे हैं लेकिन वार्ड एक में खड़े गंदे पानी और कूड़ा कर्कट के ढेरों ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। यह वार्ड कहने को तो एक नंबर है लेकिन स्वच्छता में फिसड्डी है। नगर कौंसिल का कार्यकाल भी 8 मार्च को समाप्त हो गया लेकिन वह भी गंदे पानी के निकास के लिए कुछ भी करने में नाकाम रही। वार्ड में रावलपिंडी रोड़, बीएसएनएल एक्सचेंज रोड, कन्या विद्यालय, पीडीवी वेदी स्कूल, अनाज मंडी क्षेत्र पड़ता है लेकिन सफाई नहीं है। लोगों को घरों से निकलने से पहले गंदे पानी का सामना करना पड़ता है। बरसात में तो दो से चार फीट तक गलियों में पानी भर जाता है। वार्ड वासी जसकरन सिंह तंबड़ ने कहा कि नेता आते हैं और आश्वासन देकर जाते है। लेकिन समाधान नहीं हुआ। गत दिनों एसडीएम भी आए थे लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। पार्षद नीलम रणदेव ने समस्या जानने की कोशिश तक नहीं की।
समस्या है, खन्ना ने नाला बनवाया था, बाद में कुछ नहीं हुआ : पार्षद
पार्षद नीलम रणदेव के पति विक्रांत रणदेव ने कहा कि 15 वर्ष से गंदे पानी के निकास से वार्ड वासी परेशान हैं। वह लगातार कोशिश कर रहे हैं। अविनाश राय खन्ना जब एमपी थे तो उन्होंने नाला तो बना दिया था लेकिन निकास नहीं हो सका।
प्रयास जारी, जल्दी शुरू करेंगे सीवरेज डालने का काम : ईअो
ईओ अवतार चंद सेखड़ी ने कहा कि वार्ड नंबर एक में गंदगी के निकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सीवरेज डालने का काम शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।
गंदे पानी के निकासी न होने से खफा करीब 60 घरों में रहने वाले लोगों ने 2012 विधानसभा चुनाव का बायकाट किया था लेकिन नेताओं की सेहत पर कोई असर नहीं हुआ और समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
नाराज लोगों ने विस चुनाव 2012 में किया था मतदान का बायकाट, इसके बावजूद समस्या ज्यों की त्यों
गढ़शंकर के वार्ड-1 में लगे कूड़े के ढेर।