- Hindi News
- National
- Sailakhurd News Primary School Sailakhurd Building Declared Unsafe Still Teaching 150 Students
प्राइमरी स्कूल सैलाखुर्द की इमारत असुरक्षित घोषित, फिर भी पढ़ाए जा रहे डेढ़ सौ विद्यार्थी
दशकों पुराने कस्बे के सरकारी प्राइमरी स्कूल की हालत खस्ताहाल है। छतों का प्लसतर टूटकर नीचे गिरने लगा है। बरसात होने पर छत से पानी टपकने लगता है। लोक निर्माण विभाग ने फरवरी में की जांच में स्कूल की बिल्डिंग को अनसेफ घोषित करते हुए इसमें बच्चों को न बिठाने और नई बिल्डिंग बनाने की हिदायत दी गई। परंतु यहां डेढ़ सौ से ज्यादा बच्चे मौत के साए में पढ़ने को मजबूर हैं। शिक्षा विभाग ने स्कूल मुखी को असुरक्षित बिल्डिंग में बच्चों की क्लास न लगाने के निर्देश जारी कर दिए हैं लेकिन कोई दूसरा प्रबंध नहीं किया। इस संबंध में स्लम बस्ती प्रधान जंग बहादुर, शम्मी मसीही, पवन कुमार, विजय कुमार, विक्की, दीपू, कुलविंदर, जसविंदर ने सरपंच प्रतिनिधि अविनाश चंद्र सहदेव के साथ स्कूल मुखी से मुलाकात की अौर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल की बिल्डिंग में उनके बच्चों की जिंदगी सुरक्षित नहीं है। स्कूल के बाथरूम भी खस्ताहाल हैं। उन्होंने जल्द स्कूल की नई बिल्डिंग निर्माण करवाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वह सड़कों पर उतरेंगे।
दो कमरे सुरक्षित हैं, दो नए बनेंगे : डीईअो
दूसरी तरफ संपर्क करने पर जिला शिक्षा अधिकारी संजीव गौतम ने बताया कि उनके विभाग द्वारा की गई जांच में स्कूल के दो कमरे सुरक्षित पाए गए हैं। जिनकी जल्द रिपेयर कर उन्हें ठीक कर दिया जाएगा। इसके साथ ही 2 नए कमरे बनाए जाने की डिमांड भी भेज दी है। जल्द ही स्कूल में नए कमरों का निर्माण कर दिया जाएगा।
पढ़ाने के लिए कोई अौर जगह नहीं : स्कूल मुखी
स्कूल मुखी सतिंदर सिंह ने बताया के पीडब्ल्यूडी ने 13 फरवरी को इस स्कूल की बिल्डिंग के सभी पांच कमरों को अनसेफ व असुरक्षित घोषित किया था। उन्होंने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग को सूचित कर दिया है। अभी तक नई बिल्डिंग के निर्माण की कोई सूचना नहीं मिली। मजबूरी में पुरानी बिल्डिंग में ही बच्चों को पढ़ा रहे हैं। स्कूल में और कोई जगह नहीं है। साथ लगते आंगनवाड़ी सेंटर के दोनों कमरों की हालत भी खस्ताहाल है।
स्कूल की खस्ताहाल बिल्डिंग के प्रति रोष जताते बच्चों के अभिभावक।