पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Hoshiarpur News Today The Corporation Will Be Disbanded In The Last Meeting Of The House A Day Before All The Proposals Of 65 Crores Pass The Work May Not Be Done

आज निगम होगा भंग, एक दिन पहले हाउस की आखिरी बैठक में 65 करोड़ के सभी प्रस्ताव पास, काम हो न हो

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नगर निगम के हाउस की आखिरी मीटिंग में सोमवार को 65 करोड़ 15 लाख रुपए का बजट पास कर दिया गया। इसमें 31 करोड़ 25 लाख रुपए शहर के विकास के लिए रखे गए। मीटिंग के दौरान मौजूद भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों में नोक झोंक भी हुई। भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा की शह के कारण निगम अधिकारियों ने 9 महीने बाद हाउस की मीटिंग बुलाई है। इस कारण शहर में विकास कार्य रुके हुए हैं। बता दें कि पिछले साल 52 करोड़ 69 लाख रुपए का बजट पास किया गया था, जिसमें से 6 करोड़ रुपए के लगभग राशि खर्च नहीं हो पाई। अब निगम के अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि 31 मार्च तक इस राशि से शहर की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। मीटिंग से कांग्रेस पार्षद दल के नेता सरवण सिंह गैरहाजिर रहे। इस कारण ब्रह्मशंकर जिंपा ने भाजपा पार्षदों के सवालों के जवाब दिए। इसके अलावा पार्षद अवतार सिंह जौहल और कुलविंदर हुंदल भी बजट मीटिंग से गैरहाजिर रहे।

मीटिंग के दौरान भाजपा पार्षदों ने शहर में पहले से ही चल रही वार्डबंदी में बदलाव न किए जाने सबंधी प्रस्ताव पेश किया, जिसे हाउस ने बहुमत से पास कर दिया। मेयर शिव सूद ने कहा कि हमें इस बात का शक है कि मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा शहर के आसपास उनके प्रॉपर्टी डीलर दोस्तों की तरफ से काटी गई कुछ कॉलोनियों को निगम की सीमा में दाखिल करने की कोशिश कर सकते हैं ताकि वह कांग्रेस से संबंधित ज्यादा से ज्यादा नेताओंं को निगम के होने वाले चुनाव में जीत दिला सकें। इसलिए यह प्रस्ताव पास करना जरूरी था।

मीनू सेठी ने अधूरी सड़कों पर मांगा जवाब

वार्ड नंबर-13 से भाजपा पार्षद मीनू सेठी ने कहा कि उनके वार्ड में नवंबर 2019 में सड़कों का निर्माण शुरू करवाकर बंद करवा दिया गया। आज तक सड़कें नहीं बनी। सेठी ने कमिशनर को कहा कि आपसे मैंने सवाल किया तब आप जवाब नहीं दे पाए लेकिन आज हाउस में मैं फिर इसका जवाब मांगती हूं। इसके बाद कमिश्नर ने कहा कि जल्द ही सड़कों का निर्माण करवा देंगे।

पार्षद जिंपा ने ग्रीन व्यू पार्क के नवीनीकरण का मुद्दा भी उठाया

वार्ड नंबर-6 में पड़ती ग्रीन व्यू पार्क का मुद्दा भी मीटिंग में उठा। वार्ड पार्षद ब्रह्मशंकर जिंपा ने कहा कि पार्क को नई दिख देने के लिए निगम ने 35 लाख रुपए खर्च करने का फैसला लिया था लेकिन कुछ नहीं किया गया। यह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था। इस पर जवाब देते हुए मेयर शिव सूद ने कहा कि पार्क के काम के लिए 11 बार टैंडर लगाए गए जो मेच्योर ही नहीं हो सके और इसके पीछे मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा का असीधे तौर पर हाथ है क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि जिंपा के वार्ड में यह काम हो जिससे कि जिंपा का राजनीतिक कद बढे। इस बात को लेकर कांग्रेस और भाजपा पार्षदों में तीखी नोक झोंक हुई।


सभी सड़कें पीडब्ल्यूडी को हैंड ओवर करने का प्रस्ताव किया पास


शहर के अंदर वाली जिन सड़कों का रख-रखाव नगर निगम अपने फंड से करता था अब उन्हें पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंपने के लिए हाउस की मीटिंग में प्रस्ताव पास कर दिया है। इसके चलते जेल चौक से डीएवी कॉलेज तक, जस्सा सिंह रामगढ़िया चौक से बस स्टैंड के अंबेडकर चौक तक, प्रभात चौक से लेकर कमालपुर चौक तक और कमालपुर चौंक से भगवान वाल्मीकि चौक तक, बस स्टैंड चौक से खानपुरी गेट तक, रोशन ग्राउंड के आसपास वाली सड़कें, माहिलपुर चौक से सरकारी कॉलेज चौक तक और डगाणा रोड़ पीडब्ल्यूडी को सौंपी जानी है। अब देखना यह होगा कि उक्त विभाग इन सड़कों की जिम्मेवारी संभालता है या नहीं।

ये प्रस्ताव भी पासबलराज सिंह चौहान होंगे ब्रांड अंबेसडर

मीटिंग में शहर के साइक्लिस्ट बलराज सिंह चौहान को स्वच्छ भारत मुहिम के तहत ब्रांड अंबेस्डर बनाए जाने का प्रस्ताव पास।

सफाई कर्मियों को मिलेगा तेल-साबुन

नगर निगम के 240 सफाई कर्मचारियों को तेल और साबुन देने का प्रस्ताव पास। आवारा कुत्तों की नसबंदी और नगर निगम दफ्तर में कैंटीन खोले जाने का प्रस्ताव भी पास।

14.30 लाख से 2 जेटिंग मशीनें आएंगी

सीवरेज की ब्लॉकेज दूर करने के लिए दो मिनी सीवरेज जेटिंग मशीनें 14 लाख 30 हजार रुपए खर्च कर खरीदी जाएंगी।

23.50 लाख से कंपोस्ट पिट व शेड बनेंगे

स्वच्छ भारत मुहिम के तहत कंपोस्ट पिट और शेड 23.50 लाख रुपए से बनेगंे। कंपोस्ट पिट से प्राप्त होने वाली खाद शहर की पार्कों में पौधों को डाली जाएगी।

70 लाख से 3 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे

नगर निगम की स्कीम नंबर-11 में खराब हो चुके ट्यूबवेल की जगह नया टयूबवैल, वार्ड नंबर-26 और वार्ड नंबर-29 में ट्यूबवेल पर क्रमवार 20.79 लाख, 24.46 लाख और 24.98 लाख खर्च।

नगर निगम की फायर ब्रिगेड दफ्तर के पास पड़ती पार्किंग में ई-रिकशा के लिए चार्जिंग प्वांइट लगेंगे।

98 लाख स्ट्रीट लाइट, ट्यूबवेलों के बिजली बिल और रख-रखाव के लिए।

30 लाख नगर निगम की बिल्डिंग के रख रखाव के लिए रखे।

45 लाख निगम स्टाफ के लिए व्हीकल खरीदने के लिए।

4.50 करोड़ गलियों-सड़कों के निर्माण के लिए।

10 लाख विकास की कुछ अन्य स्कीमों।

4 करोड़ डंपिग ग्राउंड की बाउंडरी वॉल, मशीनरी, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए।

10 लाख से शहर के एक और लाइब्रेरी बनेगी।

1 करोड़ गऊशाला की सांभ संभाल के लिए।

9 करोड़ 50 लाख पार्कों के रख रखाव, लैंड स्केपिंग, नाइट शेल्टर और एक सब-फायर स्टेशन के निर्माण के लिए।

63.36 लाख से शहर से कूड़ा उठाने के लिए 2 जेसीबी मशीनें खरीदने के लिए।

81.97 लाख सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की रिपेयर

आउट सोर्स मुलाजिमों को डीसी रेट देने का प्रस्ताव पास

सियासत के रंग }जनता के मुद्दों पर भटकाते रहते हैं लेकिन हैं सब एकसाथ

बिल्डिंग ब्रांच में भ्रष्टाचार का मामला भी उठाया गया

मीटिंग में भाजपा पार्षद निपुण शर्मा ने कहा कि शहर में कई बड़े लोगों ने रिहायशी मकानों के नक्शे पास करवाकर व्यापारिक बिल्डिंगें बनाई और टैक्स की बड़े स्तर पर चोरी की। इसके लिए बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारी जिम्मेवार हैं। इस पर कमिश्नर बलवीर राज ने कहा कि ऐसी शिकायतें मिली हैं, जल्द कार्रवाई करेंगे।

धीर-नरिंदर कौर में झड़प

कांग्रेस के पार्षद सुदर्शन धीर जब मेयर शिव सूद पर विकास के मामले में पक्षपात करने का आरोप लगा रहे थे तो भाजपा की पार्षद नरिंदर कौर ने धीर को कहा कि आप चुप करके बैठ जाएं। मीटिंग के बाद अपने मंत्री से पूछे कि 2017 के बाद वह निगम के लिए कितना फंड लाए। इसके बाद धीर चुप करके अपनी कुर्सी पर बैठ गए।

कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलेशन वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट पास

मीटिंग के दौरान शहर के नलोइयां और मॉडल टाउन एरिया में दो कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलेशन वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट लगाने को हरी झंडी दी गई, जिसके लिए 12 लाख खर्च मशीनें खरीदी जाएगी। उक्त मशीनों से वो मलबा ग्राइंड किया जाएगा जो कि शहर में बनने वाली इमारतों से बच जाता है और फिर उक्त ग्राइंड किए गए मलबे को शहर की गलियों-सड़कों में भर्ती डालने समेत इंटरलॉक बनाने के लिए प्रयोग किया जाएगा।

मीटिंग में भाजपा पार्षदों के निशाने पर रहे मंत्री अरोड़ा और कमिश्नर नगर निगम

हाउस की आखिरी मीटिंग में साथी पार्षदों को गुलाब के फूल बांटते भाजपा के पार्षद निपुण शर्मा। (दाएं) कांग्रेसी पार्षद ब्रह्मशंकर जिंपा के साथ मीटिंग के बाद मेयर शिव सूद व भाजपा के अन्य पार्षद।
खबरें और भी हैं...