- Hindi News
- National
- Mahilpur News Varinder Aka Shooter Used To Work As A Mistry Before Becoming A Gangster
गैंगस्टर बनने से पहले मिस्त्री का काम करता था वरिंदर उर्फ शूटर
3 डॉक्टरों का बोर्ड करेगा मृतक का पोस्टमार्टम
नवांशहर तथा माहिलपुर पुलिस के साथ रविवार रात हुए मुकाबले में मारे गए गैंगस्टर वरिंदर सिंह उर्फ शूटर उर्फ काका के परिजनों को सोमवार सुबह उसके मारे जाने का समाचार कपूरथला पुलिस ने दिया। बाद दोपहर थाना माहिलपुर पुलिस में उसके पिता राम लाल सहित पहुंचे चाचा लखवीर सिंह, जसपाल सिंह तथा बुआ के लड़के राज सहोता ने बताया कि वरिंदर का उनके परिवार से गत दो वर्ष से कोई भी नाता नहीं था। उसका पूरा परिवार मिस्त्री का काम करके अपना गुजारा चलाते हैं। वह तीनों भाइयों में से सबसे छोटा था। वह भी पिता के साथ कई बार काम पर जाता था और वह भी मिस्त्री का काम बहुत बढ़िया कर लेता था। उनका कहना था कि वह तो गरीब परिवार से है। उनके परिवार में इस तरह की गैंगस्टर नाम की कोई बात नहीं है पर कोई चार वर्ष पहले वरिंदर की लड़ाई किसी से हुई थी जिसके बाद किसी को मालूम नहीं कि वह इस दलदल में कब इतना धंस गया कि जिसका अंजाम आज यह हुआ कि उसे अपनी जान ही गंवानी पड़ी।
पुलिस मुकाबले में मारे गए वरिंदर उर्फ शूटर उर्फ काका का शव सिविल अस्पताल गढ़शंकर में पोस्टमार्टम के लिए रखा हुआ है। शाम को देर होने कारण उसका पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इस संबंधी एसएमओ डॉ. टेक राज भाटिया ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम 10 मार्च को सुबह किया जाएगा। इसके लिए तीन डॉक्टरों डॉ. जसवंत सिंह, डॉ. नितिन गंगड़ तथा डॉ. बलविंदर सिंह की टीम का गठन किया है। इसके बिना पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार माहिलपुर राम चंद बंगड़ की देखरेख में कराया जाएगा जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
13 आपराधिक मामलों में वरिंदर था पीओ
बता दें कि वरिंदर सिंह के खिलाफ नकोदर, सुलतानपुर लोधी, राजस्थान और कपूरथला में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें वह पीओ था। उसके खिलाफ थाना सदर नकोदर में 25 नवंबर 2016 को धारा 379-बी, आईपीसी, इसके बाद 9 जनवरी 2017 को इसी धारा में थाना सदर कपूरथला में, इसी धारा में 24 जनवरी 2017 को, 6 फरवरी 2017 को इसी थाने में धारा 379-बी 427 आईपीसी, थाना सदर कपूरथला में ही 4 मार्च 2017 को धारा 21-61-85 तहत पांचवां मामला दर्ज हुआ। थाना सदर नकोदर में 16 फरवरी 2017 को धारा 379 -बी, 411 आईपीसी, 15 जनवरी 2017 को थाना सुलतानपुर लोधी में धारा 379 -बी 397, 427, 34 आईपीसी और 16 फरवरी 2017 को इसी धारा में केस दर्ज हुई। 21 फरवरी 2018 को थाना सदर नकोदर में धारा 379 -बी, 22 फरवरी 2018 को थाना सदर नकोदर में धारा 379 -बी 482, 420, आईपीसी समेत 22-61-85, 24 जनवरी 2019 को थाना सदर कपूरथला में धारा 392, 34 आईपीसी, 22 जुलाई 2019 को राजस्थान के बीकानेर थाने में धारा 399, 402, 468 आईपीसी समेत 4/25ए तहत केस दर्ज जबकि 22 फरवरी 2020 को थाना सदर कपूरथला में 174ए में केस दर्ज हुआ।
देर रात पुलिस एनकाउंटर में मारा गया कपूरथला का गैंगस्टर वरिंदर, बाद दोपहर परिवार पहुंचा होशियारपुर
सिविल अस्पताल में बात करते वरिंदर उर्फ शूटर के परिजन।