- Hindi News
- National
- Hoshiarpur News Vijay And Company Reached Health Department After Sample Failed From Sasoli Village
गांव ससोली से लिए सैंपल फेल होने पर विजय एंड कंपनी तक पहुंचा सेहत विभाग
मिर्च का रंग गहरा लाल करने के लिए दीवारों पर पोतने वाले लाल गेरू के इस्तेमाल का स्कैम सामने अाया है। यह गेरू (हिरमची) ज्यादातर सरकारी बिल्डिंगों पर किया जाता है। सेहत विभाग ने 26 फरवरी को माहिलपुर के पास पड़ते गांव ससोली में पब्लिक जनरल स्टोर पर लाल मिर्चों की सैंपलिंग की थी, जिसकी रिपोर्ट में सैंपल फेल हो गए। इसके बाद सेहत विभाग होशियारपुर शहर के गउशाला बाजार तक पहुंच गया है। विभाग ने मंगलवार को होली पर छुट्टी वाले दिन विजय एंड कंपनी के करियाना गोदाम और स्टोर पर छापेमारी कर सैंपलिंग की। यह स्टोर भाजपा के पूर्व जिला प्रधान के भाई का है। जब इस स्टोर में सैंपलिंग हो रही थी तो एक कांग्रेस के बड़े नेता का अधिकारियों को वहां से चले जाने के लिए फोन आ रहा था लेकिन विभाग ने कार्रवाई जारी रखी। यहां भाजपा की स्थानीय टीम भी मौजूद थी।
ससोली में पब्लिक जनरल स्टोर यहां से इलाके के दर्जन से ज्यादा गांवों के हलवाई और आम लोग करियाना खरीदते हैं। सेहत विभाग को शिकायत मिली थी कि यहां मिलावटी समान बेचा जा रहा है। इस पर 26 फरवरी को डीएचओ डॉ. सुरिंदर सिंह ने टीम के साथ वहां से कई चीजों की सैंपलिंग कर सरकारी लेबोरेट्री में भेजे। इसमें मधु नामक मिर्च ब्रांड फेल हो गया। सेहत विभाग ने पब्लिक जनरल स्टोर के मालिक मोहित वासूदेव से पूछताछ की तो उसके बताने पर विजय एंड कंपनी गउशाला बाजार होशियारपुर में सैंपलिंग की गई। मधू ब्रैंड यहां भी मिल गया। इस तरह की मिलावटी मिर्च से कैंसर, किडनी और लीवर खराब हो जाता है।
कहां तैयार हो रही मिर्च, इसकी जांच जारी
सेहत विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। इस संबंधी सेहत विभाग के अधिकारियों ने डीसी से मुलाकात की। अभी पता नहीं चला कि इस ब्रांड की फैक्टरी कहां है। जबकि विजय एंड कंपनी के मालिकों ने सेहत विभाग के अधिकारियों को सिर्फ इतनी ही जानकारी दी कि एक गाड़ी पर यह लाल मिर्च सप्लाई करने लोग आते हैं। उनका फोन नंबर सेहत विभाग के हाथ लगा है। नंबर सेहत विभाग ने डीसी को सौंपा है। उसी का आधार बनाकर डीसी ने एसएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई करने के लिए कहा है। हालांकि डीएचओ डॉ. सुरिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने तौर पर भी एसएसपी को चिट्ठी लिखी है।
बड़े होटल और केटरर भी खरीद रहे है मधु मिर्च
सेहत विभाग से जुड़े सूत्रों की माने तो मधु मिर्च शहर के कई होटलों और केटरिंग पार्टियों की तरफ से खरीदी जा रही है। इसके प्रति जल्द ही सेहत विभाग जिले से संबंधित होटल मालिकों और कैटरिंग करने वाले लोगों की मीटिंग बुला जागरूक करेगा।
गउशाला बजार में विजय एंड कंपनी स्टोर के बाहर मधू लाल मिर्च के डिब्बे दिखाते डीएचओ।